ईमेल विवाद : बयान दर्ज कराने पुलिस मुख्यालय पहुंचे अभिनेता रितिक रोशन

ईमेल विवाद : बयान दर्ज कराने पुलिस मुख्यालय पहुंचे अभिनेता रितिक रोशन

Tejinder Singh
Update: 2021-02-27 13:39 GMT
ईमेल विवाद : बयान दर्ज कराने पुलिस मुख्यालय पहुंचे अभिनेता रितिक रोशन

डिजिटल डेस्क मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़े ईमेल विवाद मामले में शनिवार को अभिनेता रितिक रोशन ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा में अपना बयान दर्ज कराया। अपराध शाखा के अधिकारियों ने उनसे करीब ढाई घंटे पूछताछ की। दोपहर पौने 12 बजे के करीब मुंबई पुलिस मुख्यालय में स्थित अपराध शाखा के दफ्तर पहुंचे अभिनेता पूछताछ के बाद दोपहर सवा दो बजे के बाद बाहर निकले। इस दौरान अभिनेता के वकील भी उनके साथ थे। हालांकि उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब नहीं दिए।

रितिक को शुक्रवार को पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। इसके बाद मामले की छानबीन कर रही क्राइम इंटेलिजेंट यूनिट अभिनेत्री कंगना रनौत को भी बयान दर्ज करने के लिए बुला सकती है। दरअसल यह मामला 2016 का है जब रितिक रोशन ने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी कि कोई फर्जी ईमेल बनाकर खुद को रितिक रोशन बताते हुए कंगना रनौत से बातचीत कर रहा है। साथ ही उन्होंने कंगना पर भी 2013-14 के बीच सैकड़ों ईमेल भेजकर परेशान करने का आरोप लगाया था।

मामले में आईपीसी की धारा 419 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66 (सी) और 66 (डी) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विवाद के बाद कंगना और रितिक ने एक दूसरे को कानूनी नोटिस भी भेजा था।   मामले की जांच में प्रगति न होने पर वकील महेश जेठमलानी ने पिछले साल दिसंबर महीने में मुंबई पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी जिसके बाद मामले की जांच सीआईयू को सौंप दी गई थी। 


                 
 
 

Tags:    

Similar News