फडणवीस और दरेकर ने लगवाया कोरोना का टीका, जानिए - नागपुर सहित विदर्भ के ताजा आंकड़े

फडणवीस और दरेकर ने लगवाया कोरोना का टीका, जानिए - नागपुर सहित विदर्भ के ताजा आंकड़े

Tejinder Singh
Update: 2021-03-19 16:10 GMT
फडणवीस और दरेकर ने लगवाया कोरोना का टीका, जानिए - नागपुर सहित विदर्भ के ताजा आंकड़े

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने कोरोना का टीका लगवाया है। शुक्रवार को फडणवीस और दरेकर ने सरकारी जे जे अस्पताल में कोरोना टीके की पहली खुराक ली। दोनों नेताओं ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। फडणवीस ने ट्वीट में कहा कि मैंने कोरोना टीका का पहला डोज ली है। कोरोना टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। सभी पात्र व्यक्ति कोरोना का टीका अवश्यक लगवाएं। जबकि दरेकर ने ट्वीट कर कहा कि टीकाकरण की प्रक्रिया काफी आसान है। टीका के लिए पात्र नागरिक बिना घबराए टीका लगवाएं। 

मुंबई में हर रोज एक लाख लोगों को कोरोना टीका

कोरोना टीका को गति देने के लिए मुंबई मनपा ने अब प्रतिदिन एक लाख लोगों को कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य़ तय किया है। मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने कोरोना टीकाकरण में शामिल निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन कम से कम एक हजार लोगों को टीका लगाए। चहल के कहा कि टीकाकरण को गति देने के लिए निजी अस्पतालों को जोड़ा जा रहा है। अभी
तक मुंबई के 59 अस्पताल में टिकाकरण किया जा रहा है जिसकी संख्या बढ़ाकर 80 की जा रही है और हर अस्पताल को रोजाना कम से कम एक हजार टीका लगाना अनिवार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन एक लाख लोगों का टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है जिससे अगले 45 दिन में 45 लाख लोगों का टीकाकरण हो सके। 

नागपुर में संक्रमितों की संख्या में थोड़ी राहत

उधर नागपुर में संक्रमितों के रिकॉर्ड टूटने की हैैट्रिक होने के बाद शुक्रवार को राहत रही। शुक्रवार को 16066 नमूनों की जांच में 3235 नए संक्रमित मिले। लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ी है। जिले मेें पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की मौत हुई जिसमें 23 मृतक सिर्फ शहर के ही हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने से रिकवरी दर तेजी से कम हो रही है। दो दिन में दो प्रतिशत रिकवरी कम हो चुकी है। बुधवार को रिकवरी 85.67 थी जो कि शुक्रवार को 83.78 हो गई। कुल संक्रमित अब 185787 हो गए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या भी अब 25 हजार पार हो चुकी है।

यवतमाल में टूटा रिकार्ड, 9 मृत, 526 संक्रमित

यवतमाल जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमितों की मृत्यु के साथ ही नए मरीजों  का अब तक का रिकार्ड टूट गया। पहली बार जिले में कोरोना संक्रमण के चलते 9 लोगों की जान चली गई तथा 526 लोग पॉजिटिव पाए गए। इससे पूर्व इसी माह 511 मरीज यवतमाल में मिले थे। अमरावती को छोड़कर कहीं पर भी संक्रमितों की संख्या में कमी नहीं आयी है। वर्धा में शुक्रवार को एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई तथा 332 लोग संक्रमित पाए गए। अमरावती में भी 2 लोगों की मृत्यु के साथ 336 नए मरीज मिले हैं। चंद्रपुर में 128, गड़चिरोली में 48, गोंदिया में 47 तथा भंडारा में 107 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। भंडारा जिले में मरीजों की बढ़ती तादाद को देखते हुए प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों को खोलने की समयसीमा निर्धारित कर दी है। जिले में सभी दुकानें सुबह 9 से शाम 7 बजे तक की खुली रहेंगी। दूसरी ओर गोंदिया की शालाओं में विद्यार्थियों में फैलते संक्रमण को देखते हुए शालाएं 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश जिलाधिकारी ने जारी किए हैं। शुक्रवार को भी यहां 6 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मिली है।

पीपीई किट पहनकर संक्रमित दे सकेंगे एमपीएससी की परीक्षा  

रविवार 21 मार्च को अमरावती में ३६ केंद्रों पर एमपीएससी की पूर्व परीक्षाओं का आयोजन किया गया है जिसमें करीब 19 हजार ८३७ विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस दौरान संक्रमित परीक्षार्थियों के लिए आयोग की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। उनके लिए पीपीई किट उपलब्ध करवायी जा रही है जिसे पहनकर यह विद्यार्थी परीक्षा दे पाएंगे। 

अकोला में 5 की मौत, 331 नए संक्रमित

अकोला जिले में शुक्रवार को 5 कोरोना मरीजों की मौत होने से मरने वालों की संख्या 421 हो गई है। 331 नए पॉजिटिव बढ़ने से अब कोरोना मरीजों की तादाद 23,539 हो गई हैं। 232 लोग ठीक होने से कुल स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 17,583 हो गई है। 5,462 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है।           

बुलडाणा जिले में शुक्रवार को 3 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 732 नए संक्रमित पाए जाने से कुल पॉजिटिव 28,537 और मृतकों की संख्या 232 हो चुकी है। 387 मरीज स्वस्थ होने से अब ठीक होकर घर वापसी करने वाले 23,583 हो गए हैं। 4,802 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है। 

वाशिम जिले में शुक्रवार को 2 मरीज मृत हुए। 207 नए पॉजिटिव केस मिलने से कुल मरीज 12,038 हुए। मृतकों की संख्या 171 पर पहुंच गई। 125 मरीज ठीक होने से अबतक 10,189 लोगों की घर वापसी हो चुकी है। 1,520 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है।

Tags:    

Similar News