सुरंग बनाकर बैंक में करोड़ों की लूट के मामले में हुई पांचवी गिरफ्तारी

सुरंग बनाकर बैंक में करोड़ों की लूट के मामले में हुई पांचवी गिरफ्तारी

Tejinder Singh
Update: 2017-11-20 17:06 GMT
सुरंग बनाकर बैंक में करोड़ों की लूट के मामले में हुई पांचवी गिरफ्तारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई मुंबई के बैंक में सुरंग खोदकर चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पर चोरी के गहने खरीदने का आरोप है। आरोपी से चोरी किए गए 10 लाख रुपए के गहने भी बरामद हुए हैं। मामले के मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम संजय वाघ है। वाघ नाशिक के मनमाड का रहने वाला है। वह एक सराफा व्यवसायी के यहां काम करता है। 

नाशिक के आरोपी पर चोरी के गहने खरीदने का आरोप
पुलिस इस मामले में पहले श्रवण हेगडे, अंजन मांझी, मोईन शेख और हाजिद अलील नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों को खुदाई के दौरान निकली मिट्टी ठिकाने लगाने का काम सौंपा गया था और बदले में 10 लाख के गहने दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 लाख के गहने बरामद कर लिए हैं। ये गहने वाघ को बेचे गए थे। आरोपियों के पूछताछ के बाद पुलिस को इस मामले शामिल दूसरे लोगों के बारे में काफी जानकारी मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी से उनकी तलाश शुरु कर दी।

इन्हें तलाश रही पुलिस
जुईनगर सेक्टर 11 में स्थित बैंक ऑफ बडौदा की शाखा के लॉकरों में रखा कीमती सामान चुरा लिया गया था। कमरे में सुरंग दिखाई दी थी। पुलिस इस मामले में दीपक मिश्रा उर्फ टेंगूर, सूरज, भट्या, मोइनुद्दीन शेख, डांगर, कल्पेश के अलावा एक और शख्स को तलाश रही है। इस मामले की छानबीन के दौरान कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। बता दें कि जुई नगर इलाके में स्थित बैंक ऑफ बडोदा के करीब ही एक किराए की दुकान लेकर आरोपियों ने 30 फीट की सुरंग खोदी थी। इसके बाद बैंक के लॉकर रुम में पहुंचकर 30 लॉकरों से तीन करोड़ रुपए के ज्यादा के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।

Similar News