सोशल मीडिया पर मोदी की मां के बारे में अपशब्द लिखने वाले के खिलाफ FIR दर्ज, बीजेपी ने कहा - प्रिया दत्त का समर्थक है आरोपी
सोशल मीडिया पर मोदी की मां के बारे में अपशब्द लिखने वाले के खिलाफ FIR दर्ज, बीजेपी ने कहा - प्रिया दत्त का समर्थक है आरोपी
डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले शख्स और उसे फारवर्ड करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता के खिलाफ अंधेरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में भाजपा के एक पदाधिकारी ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नितेश तिवारी ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि उन्हें एक दोस्त ने फेसबुक वॉल का स्क्रीनशॉट भेजा था। इसमें रफीक शेख नाम के एक शख्स ने अरविंद केजरीवाल फैंस नाम के फेसबुक ग्रुप पर अनिल भाविसजार नाम से बने अकाउंट के जरिए आपत्तिजनक बातें शेयर की गईं थीं। 14 अप्रैल को लिखी गई इस पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी बुजुर्ग मां के बारे में बेहद आपत्तिजनक बाते लिखीं गईं थीं। तिवारी ने पोस्ट लिखने वाले अनिल भाविसजार और उसे फारवर्ड करने वाले रफीक शेख दोनों के खिलाफ शिकायत की थी।
तिवारी ने कहा कि इस पोस्ट से उनकी भावनाएं आहत हुईं हैं इसलिए मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अंधेरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और आईपीसी की धारा 500, 504 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सीनियर इंस्पेक्टर लालसाहेब शेट्ये ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं मुंबई भाजपा के सचिव अजय सिंह ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वाला आरोपी कांग्रेस उम्मीदवार प्रिया दत्त का कार्यकर्ता है और इस तरह की आपत्तिनक पोस्ट से वे माहौल खराब करना चाहते हैं।