पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा - मध्यप्रदेश सरकार गिराने का कोई इरादा नहीं, अभी स्वर्णकाल आना बाकी

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा - मध्यप्रदेश सरकार गिराने का कोई इरादा नहीं, अभी स्वर्णकाल आना बाकी

Tejinder Singh
Update: 2019-06-27 16:25 GMT
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा - मध्यप्रदेश सरकार गिराने का कोई इरादा नहीं, अभी स्वर्णकाल आना बाकी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली अभूतपूर्व जीत के बावजूद मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पार्टी फिलहाल के चुनावी सफलता से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सर्वोत्तम समय आना अभी बाकी है। पार्टी को पश्चिम बंगाल और उड़ीसा जैसे राज्यों में सरकार बनाकर नई ऊंचाईयों को छूना है। गुरुवार को यशवंतराव चव्हाण सेंटर के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है, जिसका कैप्टन (राहुल गांधी) ही अपने जहाज से कूद कर भाग रहा है। क्योंकि कांग्रेस को देश ने खारिज कर दिया है। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता ने विश्वास जताया। चौहान ने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 220 पार का लक्ष्य लेकर चल रही है। 

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती के मौके पर 6 जुलाई से 11 अगस्त तक महाराष्ट्र समेत देश भर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी समाज के हर तबके को जोड़ेंगी। इसके लिए लोगों को मोबाइल नंबर 8980808080 पर मिस्ड कॉल देना पड़ेगा। साथ ही ऑफलाइन फॉर्म भी भरवाए जाएंगे। हर बूथ पर 50 नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य है। सदस्यता अभियान में अल्पसंख्यक समाज को भी जोड़ा जाएगा। चौहान ने कहा कि अभी देश भर में भाजपा के 11 करोड़ सदस्य हैं। हम 5 करोड़ नए सदस्य पार्टी से जोड़ेंगे। 

नहीं गिराएंगे मध्य प्रदेश सरकार

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार के गिराने के सवाल पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम वहां की कांग्रेस सरकार नहीं गिराएंगे यदि कोई सरकार अपने कर्मों से गिर जाए तो हम कुछ नहीं कह सकते। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार कुछ समय तक और रही तो मध्यप्रदेश को तबाह कर देगी। कांग्रेस मध्य प्रदेश को पुरानी बर्बादी की ओर ले जा रही है। भोपाल का सचिवालय दलालों का अड्डा बन गया है। सरकार के कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बंद करने के फैसले से लोग नाराज हैं। भाजपा के विधान विधायक व पार्टी के महाराष्ट्र के सदस्यता अभियान के संयोजक विधायक रामदास आंबटकर ने बताया कि राज्य में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा सचिव संजय उपाध्याय आदि भाजपा नेता उपस्थित थे। 
 

Tags:    

Similar News