रियलिटी : निश्चिंत रहिए, यहां सुरक्षित है लड़कियां, 8 मिनट में पहुंच गई पुलिस

रियलिटी : निश्चिंत रहिए, यहां सुरक्षित है लड़कियां, 8 मिनट में पहुंच गई पुलिस

Anita Peddulwar
Update: 2019-12-05 05:29 GMT
रियलिटी : निश्चिंत रहिए, यहां सुरक्षित है लड़कियां, 8 मिनट में पहुंच गई पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हैदराबाद में दुष्कर्म की घटना के बाद लड़कियों की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में बहस चल रही है। मुद्दा एक ही है कि उन्हें ऐसी घटनाओं से कैसे बचाया जाए। इस बीच नागपुर पुलिस ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कोई भी महिला रात 9 बजे के बाद यदि उसे कोई सुरक्षित साधन घर पहुंचने के लिए नहीं मिलता है, तो ऐसे में पुलिस उसकी मदद करेगी। इस बात की रियलिटी चेक करने के लिए रिपोर्टर ने एक परेशान लड़की बनकर इसी हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। फोन पर बताया कि वह अपने दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में गई थी और उसे घर पहुंचने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है। कैब आदि भी बुक की, मगर वह आधे घंटे बाद भी नहीं पहुंची। इस पर पुलिस मात्र 8 मिनट में रेशमबाग चौक पर पहुंच गई और रिपोर्टर को घर पहुंचने के लिए गाड़ी में बैठा लिया। इसका मतलब साफ है कि आप निश्चिंत रहिए नागपुर में पुलिस के रहते यहां की बेटियां पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ऐसे हुआ लाइव टेस्ट...
9.45  बजे बुधवार की रात रिपोर्टर रेशमबाग सीपी एंड बेरार क्रीड़़ा संकुल के सामने पहुंची। रोड पूरी तरह सुनसान था। कोई यातायात का साधन उपलब्ध नहीं था।
9.50  बजे हेल्पलाइन नंबर 9823300100 पर फोन किया और बताया कि वह रेशमबाग मैदान के पास खड़ी है, कोई साधन उपलब्ध नहीं है।
9.52  बजे फिर से अन्य पुलिस कंट्रोल नंबर से फोन आया और रिपोर्टर की लोकेशन नाम और जानकारी मांगी गई। 
10  बजे मात्र 8 मिनट में पुलिस वैन, महिला आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक, कांस्टेबल और ड्राइवर के साथ पहुंची। पुलिस ने रिपोर्टर से बात की और घर छोड़़ने के लिए गाड़़ी में बैठा लिया। 

ऐसे किया
यह पूरा घटनाक्रम लाइव टेस्ट था। इसमें पुलिस को किसी तरह की कोई जानकारी नहीं थी, फिर भी पुलिस 8 मिनट में ही मौके पर पहंुच गई और बिना कुछ ज्यादा सवाल पूछे रिपोर्टर को गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद रिपोर्टर ने पुलिस को लाइव टेस्ट की जानकारी दी और धन्यवाद दिया। मौके पर पहुंचे डब्ल्यूएनपीसी अनिता रेड्डी, सहायक उप निरीक्षक संजय निकोरे, कांस्टेबल नीलेश चाैधरी और एनपीसी राजीव सीआर मोबाइल वैन से सहायता करने पहुंचे थे।

Tags:    

Similar News