10 लाख की घूस लेते सरकारी अधिकारी रंगेहाथ गिरफ्तार

10 लाख की घूस लेते सरकारी अधिकारी रंगेहाथ गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2019-07-17 17:23 GMT
10 लाख की घूस लेते सरकारी अधिकारी रंगेहाथ गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 45 वर्षीय सरकारी अधिकारी को 10 लाख रुपए की घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम राजेंद्र परमसागर है। वह सिंधुदुर्ग जिले के मालवण में स्थित भूमि सर्वेक्षण कार्यालय में तैनात था। एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने परमसागर से अपनी जमीन के नक्शे की प्रति मांगी थी। लेकिन आरोपी ने बदले में 30 लाख रुपए की घूस मांगी। बातचीत के बाद आरोपी किश्तों में घूस की रकम लेने को तैयार हो गया। इस बीच शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एसीबी को दे दी। एसीबी ने जाल बिछाकर पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपए घूस ले रहे आरोपी को मंगलवार रात सर्किट हाउस से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में रविंद्र अडीसरे नाम के सर्वेयर की भी पुलिस तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 

15 लाख की नशे की खेप से साथ तीन गिरफ्तार

पुलिस ने दो मामलों में नशे के कारोबार करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 15 लाख रुपए से ज्यादा का नशीला पदार्थ जब्त किया है। वडाला पुलिस ने मुस्ताक अली और महमूद उमर जीवा नाम के दो आरोपियों को साढ़े चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की खेप की कीमत 9 लाख रुपए है। इसी तरह बांगुरनगर पुलिस ने भी नशे की सप्लाई करने वाला निनाद सालवी नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सालवी के पास से 2 लाख 13 हजार रुपए कीमत की एमडी नामक नशीला पदार्थ और 4 लाख 29 हजार रुपए कीमत की नशे की गोलियां बरामद की हैं। 

भाई ने की  बहन की हत्या और पत्नी को किया जख्मी

जीजा और पत्नी के अनैतिक संबंधों से नाराज एक शख्स ने हमला कर पत्नी को बुरी तरह जख्मी कर दिया जबकि अपनी बहन की जान ले ली। वारदात नई मुंबई के नेरुल इलाके में हुई। गंभीर रूप से जख्मी आरोपी की पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपी का नाम नागेश लाड है। लाड 2015 में अपनी शादी के बाद अपनी बहन सुनीता और उसके पति अजय उर्फ जर्मन सिंह के साथ रहने लगा था। कुछ दिनों पहले नागेश को पता चला कि उसकी पत्नी ज्योत्सना और जीजा अजय के बीच अनैतिक संबंध हैं। शुरूआत में उसने पत्नी को समझाने बुझाने की कोशिश की लेकिन 15 दिन पहले उसने फिर पत्नी और जीजा को आपत्तिजनक हालत में देखा। इसके बाद नागेश के पिता ने किसी तरह उसे समझा बुझाकर मामला शांत किया लेकिन नाराज नागेश ने जीजा और पत्नी को ठिकाने लगाने की ठान ली। बुधवार सुबह नागेश ने पहले पत्नी को छत पर बुलाकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। फिर अजय को मारने पहुंचा। इस बीच नागेश की बहन सुनीता ने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो नाराज आरोपी ने उस पर चाकू से कई वार किए। अजय किसी तरह बचकर भागते हुए पुलिस स्टेशन पहुंचा और मामले की जानकारी दी। इसके बाद घायल दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सुनीता ने दम तोड़ दिया जबकि ज्योत्सना की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी नागेश की तलाश शुरू कर दी है। 

Tags:    

Similar News