यवतमाल में बारिश का कहर, बाढ़ से कई मार्ग बंद, डूब गई हजारों एकड़ की फसल  

यवतमाल में बारिश का कहर, बाढ़ से कई मार्ग बंद, डूब गई हजारों एकड़ की फसल  

Anita Peddulwar
Update: 2018-08-17 08:33 GMT
यवतमाल में बारिश का कहर, बाढ़ से कई मार्ग बंद, डूब गई हजारों एकड़ की फसल  

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। जिले में मूसलाधार वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। दारव्हा, पुसद, आर्णी, माहुर, वणी - मुकुटबन रास्ते बाढ़ के कारण बंद हैं। जिला पुलिस अधीक्षक एम राजकुमार ने सभी थाना प्रभारी को बाढ़ पर नजर रखने व उपाय योजना करने की सूचना दी है। महागांव के अधर पुस प्रकल्प का 48  घंटों में पानी छोड़ा जाने वाला है। जिससे 11 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। कई बांध ओवर फ्लो होकर बह रहे हैं। हजारों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। कई स्थानों पर एसटी महामंडल के बस स्टैंड तालाब बने नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर लोगों को स्कूलों में स्थानातंरित कर उनके भोजन और निवास की व्यवस्था की गई है। बाढ़ से जिले में हालात काफी बिगड़ गए हैं।

पुस नदी उफान पर
जानकारी के अनुसार पुसद के नदी नाले उफान में होने से पुसद - नागपुर मार्ग बंद हो गया है। नदी किनारे बाढ़ को देखने उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है। पुस नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी प्रशासन द्वारा दी गई है। बिजली सेवा भी ठप हो गई है। दमकल, गोताखोरों की टीम थानेदार धनंजय सायरे के नेतृत्व में तैनात की गई है। आर्णी के कृषि उपज बाजार मंडी, प्रेम नगर, हैदरी बंगला,उदय नगर, शनी मंदीर, मोमीनपुरा, मेन रोड, भारती स्कूल में बाढ़ का पानी घुस जाने से व्यापारी, नागरिकों को भारी नुकसान हुआ है।

दिग्रस से भी संपर्क टूटा
अरूणावति का पानी पुलिया के उपर से बहने से दिग्रस से भी संपर्क टूट गया है। इसी तहसील के सावली सदोबा में कई घरों व कार्यालय में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है। दारव्हा के गोलीबार चौक से बस स्टैंड चौक में पानी भर जाने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। यातायात ठप है। खेतों में पानी भर गया है। कुंभारकिन्ही, मांगकिन्ही बांध ओवर फलो हो रहे हंै। शहर के करीब नागझीरी मंदीर के पास भी नदी उफन पर है।

Similar News