‘मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं’ पर खर्च होंगे 4 करोड़

‘मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं’ पर खर्च होंगे 4 करोड़

Tejinder Singh
Update: 2018-01-16 14:21 GMT
‘मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं’ पर खर्च होंगे 4 करोड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कामों को जनता तक पहुंचाने के लिए शुरू किए गए ‘मी मुख्यमंत्री बोलतोय’ (मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं) और ‘दिलखुलास’ कार्यक्रम को प्रसारित करने और उसके प्रचार-प्रसार के लिए 4 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए खर्च होंगे। सरकार ने दोनों कार्यक्रमों के प्रसारण के लिए आर्थिक वर्ष 2017-18 में आने वाले खर्च को वित्तिय मंजूरी दी है। प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। इसके मुताबिक हर महीने में दो बार ‘मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं’ और ‘जय महाराष्ट्र-दिलखुलास’ और अन्य प्रासंगिक कार्यक्रम को प्रसारण के लिए तैयार करने हेतु 20 लाख रुपए खर्च होते हैं।

 

मंत्री अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी देते

इसके अनुसार दोनों कार्यक्रमों को तैयार करने के लिए एक साल का खर्च 2 करोड़ 40 लाख रुपए आएगा। कार्यक्रम को दूरदर्शन पर प्रसारण के लिए साल का खर्च 9 लाख रुपए है। इसके अलावा कार्यक्रम के बारे में समाचार पत्रों में विज्ञापन देने के लिए 1 करोड़ 96 लाख रुपए के खर्च को मंजूरी दी गई है। राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय ने ‘मैं मुख्यमंत्री बोल रहा हूं’ नाम से कार्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री सरकार की नीतियों, फैसलों और विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हैं। इसके अलावा जय महाराष्ट्र दिलखुलास कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्रियों का साक्षात्कार लिया जाता है। इसके माध्यम से मंत्री अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हैं। सरकार का कहना है कि जनता से सीधे संवाद करने और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम किए जाते हैं। बता दें कि पीएम मोदी के मन की बात की तर्ज पर ही मध्यप्रदेश में "दिल से" कार्यक्रम की शुरूआत की गई थी।  

Similar News