कैलिफोर्निया में क्रूज पर फंसे भारतीयों ने लगाई मदद की गुहार

कैलिफोर्निया में क्रूज पर फंसे भारतीयों ने लगाई मदद की गुहार

Tejinder Singh
Update: 2020-03-17 14:41 GMT
कैलिफोर्निया में क्रूज पर फंसे भारतीयों ने लगाई मदद की गुहार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कैलिफोर्निया के ऑकलैंड पोर्ट पर खड़े ग्रैंड प्रिंसेस क्रूज लाइनर में 131 भारतीय फंसे हुए हैं। एक वीडियो संदेश के जरिए इन लोगों ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। इन लोगों को भारत लाने के लिए विशेष विमान भेजा जाना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद इन लोगों को डर है कि क्रूज सैन फ्रांसिस्को खाड़ी में अलग-थलग खड़ा किया जा सकता है। क्रूज पर फंसे लोगों में मुंबई से सटे वसई इलाके में रहने वाले 30 साल के एडलर रोड्रिक्स भी हैं। रोड्रिक्स पिछले दो हफ्ते से इस क्रूज पर है। क्रूज पर मौजूद लोग तब कोरोना के प्रभाव में आए जब कोरोना पीड़ित एक अमेरिकी यात्री इस पर सवार हुआ और अगले ही दिन उसकी मौत हो गई। क्रूज पर सवार 21 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले जबकि 50 दूसरे लोगों में भी कोरोना के लक्षण पाए गए इसके बाद भारतीयों के अलावा बाकी लोगों को क्रूज से उतार लिया गया। भारतीयों के अलावा क्रूज पर सिर्फ एक और दूसरे देश का यात्री है।

क्रुज पर फैल चुका है कोरोना वायरस 

क्रूज पर सवार ज्यादातर भारतीय वसई, गोवा, दिल्ली और हरियाणा के हैं। स्थानीय प्रशासन से मदद न मिलने के बाद इन लोगों ने वीडियो संदेश के जरिए विदेश मंत्रालय से अपनी भारत वापसी के लिए जरूरी व्यवस्था करने की अपील की है। रोड्रिक्स की पत्नी बियांका के मुताबिक उन्हें भी सोमवार को संदेश मिला जिसके बाद उन्होंने अपने पति से फोन पर बात की। पूरा परिवार उनकी हालत से चिंतित है। रॉड्रिक्स ने उन्हें बताया कि वीडियो के जरिए सरकार से गुहार लगाने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं बचा था। रॉड्रिक्स 16 अक्टूबर को क्रूज पर सवार हुए थे और उन्हें अप्रैल के पहले सप्ताह में वापस आना था। अगर क्रूज पर फंसे लोगों को तुरंत मदद नहीं मिली तो डर है कि उन्हें भी बीमारी हो सकती है। सैन फ्रैंसिस्को खाड़ी में क्रूज खड़ा करने के बाद लोगों को अपने केबिन में 14 दिन अलग-थलग रहना होगा। 
 

Tags:    

Similar News