भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार थे जयंत पाटील- नारायण राणे

भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार थे जयंत पाटील- नारायण राणे

Tejinder Singh
Update: 2020-11-30 16:48 GMT
भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार थे जयंत पाटील- नारायण राणे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा भाजपा सांसद नारायण राणे ने दावा किया है कि राकांपा प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्य के जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील भाजपा में शामिल होने वाले थे। वे भाजपा में प्रवेश के लिए तैयार हो गए थे। सोमवार को रत्नागिरी में पत्रकारों से बातचीत में राणे ने कहा कि राज्य में यदि अभी भाजपा की सरकार होती तो भी पाटील मंत्री होते। पाटील की पार्टी में प्रवेश को लेकर भाजपा के नेताओं से चर्चा हुई थी। कुछ बातों के लिए वे रुके हुए थे नहीं तो आज वे भाजपा में होते। 

राणे ने कहा कि पाटील राकांपा के नेताओं के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। इससे पहले पाटील ने राणे को जंग लगी हुई तोप बताया था। इस पर राणे ने कहा कि पाटील ने मेरे बारे में बोला है। मैं उनका समाचार सांगली के इस्लामपुर में जाकर लूंगा। मैं बताऊंगा कि वे कैसे हैं। राणे ने कहा कि केंद्र सरकार के लिए राज्य की सरकार गिराना कठिन नहीं है। लेकिन हमें इस तरह सरकार नहीं गिरानी है। 

उद्धव के सीएम बनते ही आया कोरोना का प्रकोप

इस बीच राणे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने महाविकास आघाड़ी सरकार को निकम्मी सरकार करार दिया। राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे के चरण इतने अपशगुन वाले हैं कि वे मुख्यमंत्री बने और कोरोना संक्रमण आ गया। राणे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि मैं हाथ धोकर पीछे पड़ जाऊंगा। उन्हें बताना चाहिए कि वे किसके पीछे पड़ेंगे। उद्धव जनता के पीछे हाथ धोकर पीछे पड़ने के लिए मुख्यमंत्री बने हैं। वे काम में शून्य हैं। 

राणे के बयानों को तवज्जों नहीः परब 

इसके जवाब में शिवसेना के प्रवक्ता तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि राणे से शिवसेना को सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। हम राणे के बयानों को तवज्जों नहीं देते हैं। उनकी सरकार गिराने की मंशा पूरा नहीं हुई। इसलिए विरोध करना स्वभाविक है।  

 

Tags:    

Similar News