पब हादसे को लेकर बीजेपी ने शिवसेना पर साधा निशाना

पब हादसे को लेकर बीजेपी ने शिवसेना पर साधा निशाना

Tejinder Singh
Update: 2017-12-29 15:41 GMT
पब हादसे को लेकर बीजेपी ने शिवसेना पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई भारतीय जनता युवा मोर्चा  के अध्यक्ष मोहित कंबोज ने मुंबई शहर और उपनगर में चलने वाले सभी छोटे बड़े होटल्स, पब्स, डिस्को और रेस्टोरेंट्स में सुरक्षा एवं आग से बचने के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने और गैरकानूनी रूप से चलने वाले पब्स और डिस्को पर फौरन पाबंदी लगाने की मांग की है। कंबोज के मुताबिक शिवसेना शासित बीएमसी में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। जिससे होटल और छोटे बड़े कारखानों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाता। बतादें इस भयानक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं चल पाई है। हालांकि माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से ही लगी होगी।

भाजपा ने अग्नि दुर्घटना के लिए मित्र दल को बताया जिम्मेदार 

लोअर परेल के पब में अग्नि दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कंबोज ने कहा कि शिवसेना शासित बीएमसी में भ्रष्टाचार के चलते होटल और छोटे बड़े कारखानों में सुरक्षा और आग से बचने के पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाते। इनके बारे में तब पता चलता है जब लोअर परेल या साकीनाक में आगजनी की घटना होती है। कंबोज ने कहा कि बीएमसी को वरीयता के आधार पर हर जगह सुरक्षा इंतजाम की जांच करनी चाहिए, ताकि लोअर परेल जैसे हादसे से बचा जा सके। 

अवैध था रेस्टोरेंट: सोमैया 
बीजेपी सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि उन्होंने फडणवीस और बीएमसी आयुक्त से मुंबई में इस तरह के सभी पबों और हुक्का पार्लरों में अग्निरोधी उपायों की विशेष ऑडिट कराने को कहा है। उन्होंने दावा किया कि मिल परिसर में इस तरह के कई प्रतिष्ठान अवैध हैं, जिसे बाद में नियमित कर दिया गया। जिस स्थान पर आग लगी, वह अवैध था।

Similar News