नागपुर नहीं मुंबई में ही होगा विधानमंडल बजट सत्र

मंत्रिमंडल बैठक में हुई चर्चा नागपुर नहीं मुंबई में ही होगा विधानमंडल बजट सत्र

Anita Peddulwar
Update: 2022-02-09 15:44 GMT
नागपुर नहीं मुंबई में ही होगा विधानमंडल बजट सत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट अधिवेशन नागपुर के बजाय मुंबई में आयोजित होगा। राज्य सरकार का दावा है कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के अभिभाषण के लिए नागपुर के विधानमंडल में सेंट्रल हॉल उपलब्ध नहीं होने के चलते मुंबई में बजट सत्र का आयोजन करना पड़ रहा है। विधानमंडल सचिवालय की ओर से विधानमंडल के दोनों सदनों की कामकाज सलाहकार समिति की बैठक 15 फरवरी को बुलाई गई है। इस बैठक में अधिवेशन के कामकाज के बारे में अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र मुंबई में आयोजित करने के संबंध में चर्चा हुई। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रदेश के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि सरकार उपराजधानी नागपुर में बजट सत्र का आयोजन करना चाह रही थी। लेकिन विधानमंडल सचिवालय ने सरकार को जानकारी भेजी है कि राज्यपाल के अभिभाषण के लिए नागपुर में सेंट्रल हॉल उपलब्ध नहीं है जहां पर विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों के सदस्य एक साथ बैठ सकें। हर साल राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरुआत होती है। 

विधायक निवास में है कोरोना मरीजों का क्वारेंटाईन सेंटर 

मलिक ने कहा कि नागपुर में विधायक निवास का इस्तेमाल कोरोना के मरीजों के लिए क्वारेंटाइन सेंटर के रूप में किया जा रहा है। इसलिए मौजूदा परिस्थिति में नागपुर में बजट सत्र का आयोजन करना संभव नहीं है। मलिक ने कहा कि विधानमंडल सचिवालय की सिफारिशों के अनुसार राज्यपाल को मुंबई में अधिवेशन का आयोजन करने के बारे में अवगत किया जाएगा। इसके पहले 28 फरवरी से नागपुर में बजट सत्र का आयोजन करने का एलान किया गया था। 

दो साल से नागपुर में अधिवेशन नहीं

कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से बीते दो सालों में नागपुर में एक भी अधिवेशन नहीं हो पाया है। नागपुर में अधिवेशन न बुलाए जाने को लेकर विपक्ष सरकार की आलोचना कर चुका है। नागपुर करार के अनुसार साल में कम से कम एक अधिवेशन उपराजधानी नागपुर में आयोजित किया जाना चाहिए। 

 

Tags:    

Similar News