खंडाला घाट में मदुरै एक्सप्रेस का इंजन ट्रैक से फिसला, कई ट्रेनें रद्द

खंडाला घाट में मदुरै एक्सप्रेस का इंजन ट्रैक से फिसला, कई ट्रेनें रद्द

Anita Peddulwar
Update: 2018-07-06 05:27 GMT
खंडाला घाट में मदुरै एक्सप्रेस का इंजन ट्रैक से फिसला, कई ट्रेनें रद्द

डिजिटल डेस्क, लोनावला। मुंबई से पुणे की ओर आ रही मदुरै एक्सप्रेस शुक्रवार के तड़के हादसाग्रस्त हो गई। खंडाला घाट में ट्रेन के पीछे लगाया गया इंजन अचानक उसके आगे रहे कोच से टकरा गया, जिससे वह  ट्रैक पर से फिसल गया। इस हादसे में किसी के हताहत की खबर नहीं है, लेकिन मुंबई से आने वाली लेन की यातायात पर इसका गहरा असर हुआ है। इस हादसे के बाद मुंबई- पुणे के बीच दौड़ने वाली सिंहगढ़ एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और कर्जत पंसेजर अचानक रद्द कर दी गई।

मुंबई से पुणे की ओर आते वक्त खंडाला घाट की चढ़ाई के लिए कर्जत में ट्रेनों को पीछे भी एक इंजन जोड़ा जाता है। हमेशा की तरह मदुरै एक्सप्रेस में भी पीछे इंजन जोड़ा गया। खंडाला घाट में ट्रेन की रफ्तार धीमी थी। तब अचानक पिछला इंजन आखिरी कोच से टकरा गया और वह कोच ट्रैक से नीचे उतर गया। इस हादसे से खलबली मच गई, घटना की जानकारी पाकर रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ट्रैक से फिसले कोच को ट्रेन से अलग कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। पुणे स्टेशन पहुंचने के बाद मदुरै एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए चाय आदि का प्रबंध किया गया।

खंडाला घाट में हुए इस हादसे ने मुंबई- पुणे की रेल यातायात पर गहरा असर डाला है। एहतियात के तौर पर सुबह पुणे और दोपहर में मुंबई से छुटनेवाली सिंहगड एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस दोनों तरफ से रद्द कर दी गई है। इसी तरह से सुबह मुंबई से पुणे की ओर आने व पुणे से मुंबई की ओर जानेवाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द करने का फैसला किया गया। पुणे-कर्जत-पुणे पैसेंजर भी रद्द कर दी गई।

सिंहगढ़ एक्सप्रेस से ज्यादातर मुंबई नौकरी और व्यवसाय के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ होती है। आज अचानक हुए हादसे के बाद यह ट्रेन रद्द किये जाने से इन यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। कईयों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी जबकि कईयों ने एशियाड, एसटी, निजी वाहनों के विकल्पों को चुना।

 

Similar News