महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव:   प्रत्याशी पर फायरिंग कर वाहन फूंका  , पुलिस तलाश रही आरोपियों को

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव:   प्रत्याशी पर फायरिंग कर वाहन फूंका  , पुलिस तलाश रही आरोपियों को

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-21 09:28 GMT
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव:   प्रत्याशी पर फायरिंग कर वाहन फूंका  , पुलिस तलाश रही आरोपियों को

 डिजिटल डेस्क,अमरावती। विधानसभा चुनाव को देखते हुए शहर सहित जिलेभर में किसी भी तरह की अनुचित घटना को रोकने के लिए हजारों पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का तगड़ा बंदोबस्त तैनात लगाया गया है इसी बीच मोर्शी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आनेवाले शेंदुरजना घाट से धनोडी मार्ग से कार में सवार होकर अपने समर्थक व कार्यकर्ताओं के साथ गुजर रहे स्वाभिमान शेतकरी संगठन के कांग्रेस-राकांपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र भुयार पर कुछ असामाजिक तत्वों ने देशी पिस्तौल से फायरिंग कर उनकी कार को आग लगा दी। समय रहते भुयार और उनके दोनों समर्थक कार से कूदने के कारण बाल-बाल बच गए।  घटना को लेकर जहां जिले में खलबली मच गई है वहीं घटना को लेकर संदेह जताया जा रहा है।

 वरुड-मोर्शी विस क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र भुयार चुनाव के दिन सोमवार 21 अक्तूबर को तड़के शेंदुरजना घाट पुलिस को जानकारी दी कि वे शेंदुरजना घाट से लौट रहे थे तभी धनोडी मार्ग पर बीच रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी कार रोककर वाहन पर किसी प्रकार का रासायनिक पदार्थ छिड़ककर कार को आग लगा दी और तीन गोलियां चलाकर उन्हें जान से मारने का भी प्रयास किया। लेकिन वे अपने सहयोगियों के साथ वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। घटना के बाद हमलावर अपने वाहन में बैठकर भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शेंदुरजना घाट सहित ग्रामीण अपराध शाखा का दल तत्काल घटनास्थल पहुंचा। पुलिस का दल वहां पहुंचा तब भुयार की कार धू-धू कर जल रही थी। पुलिस ने दमकल विभाग को इस घटना की जानकारी दी। कार के चालक गव्हाणकुंड निवासी आकाश नागपुरे(24) की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटनास्थल पर जानकारी मिलने के बाद सैंकड़ों नागरिकों की भीड़ जमा हो गई थी। लोगों में घटना को लेकर अलग-अलग चर्चा चल रही थी।   पुलिस भुयार को ऐहतियात के तौर पर उपचार के लिए पुलिस के तगड़े बंदोबस्त में पहले मोर्शी और फिर अमरावती जिला अस्पताल में उपचार के लिए ले आई थी। 
 

 

 


 

Tags:    

Similar News