महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में विधायकों की टिकट कायम

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में विधायकों की टिकट कायम

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-01 10:07 GMT
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में विधायकों की टिकट कायम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दक्षिण पश्चिम नागपुर सीट से ही उम्मीदवार रहेंगे। भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष व विधायक सुधाकर कोहले को इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दी है। उनके स्थान पर पूर्व विधायक मोहन मते को उम्मीदवार बनाया गया है। सावनेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ.राजीव पोतदार उम्मीदवार होंगे। अन्य सीटों के लिए पहले जैसी ही स्थिति है। जिले में विधानसभा की 12 सीट है। इनमें 6 सीट शहर व 6 सीट ग्रामीण में है। 11 सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। सावनेर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। भाजपा की पहली सूची के अनुसार दक्षिण पश्चिम नागपुर से देवेंद्र फडणवीस, मध्य नागपुर से विकास कुंभारे, उत्तर नागपुर से डॉ.मिलिंद माने, पूर्व नागपुर से कृष्णा खोपड़े, पश्चिम नागपुर से सुधाकर देशमुख को उम्मीदवार घोषित किया गया है। सभी विधायक है। 

ग्रामीण क्षेत्र की उमरेड सीट से सुधीर पारवे, हिंगणा से समीर मेघ को उम्मीदवार बनाया है। दोनों विधायक है। 2014 के चुनाव में सावनेर क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार का पर्चा खारिज हुआ था। कांग्रेस ने चुनाव जीता था। इस बार कांग्रेस ने विधायक सुनील केदार को ही उम्मीदवार बनाया है। उधर कामठी, काटोल व रामटेक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए है। कामठी से पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले विधायक हैं। रामटेक से डी.मलिकार्जुन विधायक हैं। काटोल सीट भी भाजपा ने जीती थी। भाजपा के विधायक आशीष देशमुख फिलहाल भाजपा व विधायक पद छोड़कर कांग्रेस में हैं। इस बीच तेजी से चर्चा फैल रही है कि पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का निर्वाचन क्षेत्र बदल सकता है। वे कामठी के बजाय काटोल से चुनाव लड़ सकते हैं। काटोल में राकांपा के बड़े नेता अनिल देशमुख का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। कामठी में बहुजन रिपब्लिकन एकता मंच की नेता व पूर्व राज्यमंत्री सुलेखा कुंभारे के नाम की भी चर्चा है।

Tags:    

Similar News