बारिश व ओलावृष्टि से फसल बर्बाद

बारिश व ओलावृष्टि से फसल बर्बाद

Anita Peddulwar
Update: 2019-03-22 06:41 GMT
बारिश व ओलावृष्टि से फसल बर्बाद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य के कई हिस्सों में होलिका दहन के पहले शाम के समय बारिश होने से लोग परेशान देखे गए। जैसे-तैसे लोगों ने होलिका दहन किया, लेकिन बारिश की वजह से होली पूरी तरह जल नहीं सकी। कई जगहों पर दोपहर के बाद तूफान व तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिससे खेतों में खड़ी फसलें चौपट हो गईं। घर की छतें उड़ गईं। आम की बौर का काफी नुकसान हुआ है। तूफान से सैकड़ों हेक्टेयर फसलों की बर्बादी हुई है। नागपुर सहित वर्धा,यवतमाल,गोंदिया,भंडारा,चंद्रपुर,गड़चिरोली में बारिश से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग किसानों ने की है। केलोद, कवठा, हतीसरी, रायबासा, उमरी, रामपुरी, भागेमोहेरी, उमरी, नरसाला, जटाम खोरा परिसर में खड़ी व काटकर रखी फसल चौपट हो गई।  

जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट
तहसीलदार दीपक करंडे को बेमौसम बारिश से नुकसान की खबर मिलते ही केलवद परिसर के गांवों में पटवारी, मंडल अधिकारी ने खेतों की फसलों की बर्बादी का जायला लिया। उस मुताबिक 42 गांवों की 860 हेक्टेयर में नुकसान होने की प्राथमिक रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की जानकारी तहसीलदार दीपक करंडे ने दी है।

रामटेक में ओले गिरे
रामटेक में अचानक मौसम ने करवट बदली। शाम 4 बजे के दौरान आकाश में बादल छाने लगे और अचानक हल्की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरु हो गई। इस बीच ओले भी गिरे। आधे घंटे तक रुकी बारिश फिर सवा पांच बजे शुरू हुई। अचानक हुई बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई। वहीं होली की खरीदारी कर रही ग्राहकी रुक गई। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शौकिनों का होली का मजा कुछ किरकिरा सा हो गया। सार्वजनिक होली उत्सव मंडलों के उत्साह पर बारिश ने पानी फेर दिया। 

निमखेड़ा में ओलावृष्टि
माैदा तहसील के ग्राम निमखेड़ा में 30 मिनट तक बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। गेंहू कटाई का सीजन चल रहा है। ओलावृष्टि के कारण किसानाें की फसल बरबाद हो गई हैं। इसके कारण किसान एक बार फिर चिंता में हैं। किसानों ने नुकसान भरपाई की मांग की है।

 

Similar News