सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट के निर्माणकार्य में लगे मजदूर की हत्या

सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट के निर्माणकार्य में लगे मजदूर की हत्या

Anita Peddulwar
Update: 2019-07-11 09:58 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हिंगना थानांतर्गत राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बहुप्रतीक्षित और ड्रीम प्रोजेक्ट कहे जाने वाले निर्माणाधीन समृद्धि एक्सप्रेस हाइवे के कार्य में लगे एक मजदूर की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम पारस रमेश निरंजय है। उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी योगेश पातुरकर और पंकज कोलनकर को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पारस द्वारा गालीगलौज करने की बात को लेकर आरोपियों और पारस के बीच विवाद होने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। उसे एक खेत में पत्थर से कुचलकर मारा गया।

मामूली विवाद की परिणति

घटना के बारे में गुरुवार को सुबह पुलिस को पता चलने पर हिंगना के वरिष्ठ थानेदार राजेंद्रकुमार तिवारी सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पारस निरंजय का तीन चार दिन पहले योगेश और पंकज से विवाद हो गया था। उस समय पारस ने दोनों के साथ गालीगलौज की। बुधवार की रात में भी पारस उन्हें गालियां दे रहा था।

खेत में ले जाकर पहले पार्टी मनाई फिर पत्थर से सिर कुचला

पता चला है कि पारस नागपुर- मुंबई के बीच बन रहे समृद्धि हाइवे में किसी ठेकेदार के पास काम करता था। उसका ट्रक चालक योगेश और पंकज से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय पारस ने दोनों आरोपियों को जमकर गालियां बक रहा था। यह बात दोनों आरोपियों को अच्छी नहीं लगी। बुधवार की रात में मौका मिलने पर दोनों आरोपी पारस को अपने साथ ले गए। एक खेत पर पार्टी मनाने के बाद आरोपियों ने उसकी पत्थर  से कुचलकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार की सुबह हिंगना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।   

Tags:    

Similar News