फिर मुखिया के लिए तरस रहा नागपुर सीबीआई, मनीष कुमार की छुट्टी

फिर मुखिया के लिए तरस रहा नागपुर सीबीआई, मनीष कुमार की छुट्टी

Tejinder Singh
Update: 2019-01-25 15:52 GMT
फिर मुखिया के लिए तरस रहा नागपुर सीबीआई, मनीष कुमार की छुट्टी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीबीआई नागपुर के प्रमुख (डीआईजी) मनीषकुमार सिन्हा का तबादला दिल्ली स्थित ब्यूरो आफ पुलिस रिकार्ड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) में कर दिया। नागपुर से मनीषकुमार कार्यमुक्त होते ही सीबीआई नागपुर फिर एक बार मुखिया के लिए तरसने को मजबूर हो गया है। याद रहे सीबीआई में शीर्षस्थ स्तर पर उठे विवाद के बाद मनीषकुमार सिन्हा को अक्टूबर 2018 में नागपुर में तैनाती दी गई थी। नागपुर सीबीआई मुखिया का पद पुलिस अधीक्षक स्तर का था, लेकिन पहली बार मनीषकुमार के रूप में डीआईजी स्तर का मुखिया मिला था।

मनीषकुमार ने तबादले को कोर्ट में चुनौती दी थी, लेेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली थी। सुप्रीम कोर्ट से बहाल होने के बाद सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा ने उनका तबादला पून: सीबीआई दिल्ली में किया था, लेकिन दो दिन बाद ही सीबीआई के अंतरिम निदेशक नागेश्वर राव ने उनका तबादला पून: नागपुर कर दिया था। इस सारी उठापठक के वक्त श्री सिन्हा छुट्टी पर थे। उन्हें 15 जनवरी को छुट्टी से वापस नागपुर आना था, लेकिन वे नहीं आए थे। 19 जनवरी को उनका तबादला केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आनेवाले बीपीआरडी में कर दिया गया। दिल्ली में रहकर ही वे यहां से कार्यमुक्त हो गए। उनके जाने से सीबीआई नागपुर फिर एक बार मुखिया को तरस रहा है। सिन्हा के पूर्व भी यहां स्थायी मुखिया नहीं था। सिन्हा के आने से ऐसा लग रहा था कि अब मुखिया की कमी खत्म हुई, लेकिन तीन महीने में ही उनकी यहां से छुट्टी हो गई।

  

Similar News