उद्योग क्षेत्र में नए अवसर का लाभ उठाएं मराठी युवक - सुभाष देसाई

उद्योग क्षेत्र में नए अवसर का लाभ उठाएं मराठी युवक - सुभाष देसाई

Tejinder Singh
Update: 2020-05-17 14:08 GMT
उद्योग क्षेत्र में नए अवसर का लाभ उठाएं मराठी युवक - सुभाष देसाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने कहा कि कोरोना संकट के कारण उद्योग क्षेत्र में मराठी युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। इसलिए मराठी नौजवान नए मौके का फायदा उठाएं। महाराष्ट्र सरकार आपके पीछे खड़ी है। रविवार को देसाई ऑल इंडिया सारस्वत कल्चरलर संगठन की तरफ से उद्योग क्षेत्र में आगामी चुनौतियां इस विषय पर आयोजित वेबिनार में बोल रहे थे। देसाई ने कहा कि उद्योग विभाग ने विभिन्न नीतियां और योजना तैयार की है। इसका फायदा मराठी भाषिक उठाएं और महाराष्ट्र को औद्योगिक दृष्टि से नई ऊंचाई पर पहुंचाने में मदद करें। देसाई ने कहा कि कोरोना संकट के कारण कई कंपनियां चीन से निकल रही है। इन कंपनियों को महाराष्ट्र की ओर आकर्षित करने के लिए भूखंड, सड़क और अन्य सुविधाएं तैयार रखा गया है। एमआईडीसी ने उद्योगों के लिए आएं और उद्योग शुरू करें परिकल्पना तैयार की है। इसके तहत नए उद्योगों के लिए शेड तैयार करने का फैसला किया है। निवेशक मशीन और सामग्री ले आकरर सीधे उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा उद्योग शुरू करने के लिए आवश्यक विभिन्न लाइसेंस के बजाय केवल एक महालाइसेंस सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा बड़े निवेशकों के लिए उद्योगमित्र परिकल्पना शुरू की जाएगी। इसके तहत उद्योग विभाग का एक अधिकारी निवेशकों के साथ पहले दिन से उत्पादन शुरू होने तक नियुक्ति किया जाएगा जो सभी जरूरी मदद करेगा। 

कर्मचारियों की कमी नहीं होने देंगे

देसाई ने कहा कि उद्योग क्षेत्र में कर्मचारियों की कमी की दूर करने के लिए कामगार विनिमय ब्यूरो बनाया जाएगा। मजदूरों का पंजीयन करके जरूरत के अनुसार उद्योगों को मजदूर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही अल्पकालीन प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे। देसाई ने कहा कि महाराष्ट्र में मजदूरों की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके अलावा सरकार असंगठित क्षेत्र और मजदूरों को मदद करने के लिए तैयार है। 

50 हजार उद्योग शुरू

देसाई ने कहा कि कोरोना की स्थिति में राज्य भर में 70 हजार उद्योग शुरू करने की मंजूरी दी गई है। इसमें से 50 हजार उद्योग शुरू हो गए हैं। देसाई ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से घोषित पैकेज में उद्योगों के लिए सहूलियतों की बरसात की गई है। सेवा, उत्पादन, पर्यटन समेत सभी क्षेत्र को इसका लाभ मिल सकेगा। देसाई ने कहा कि राज्य में मुंबई, पुणे और नाशिक में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश हुआ है। कोरोना का सबसे ज्यादा असर इन्हीं क्षेत्रों में हुआ है। इसलिए सरकार ने उद्योगों के विकेंद्रीकरण पर जोर दिया है। देसाई ने कहा कि विश्व बड़े संकट का सामना कर रहा है। कोरोना महामारी के कारण आगे क्या होगा। यह सवाल सभी के मन में है। लेकिन संकट पर मात करने के लिए महाराष्ट्र सरकार और उद्योग विभाग तैयार है।  

औषधि उत्पादन क्षेत्र के लिए फार्मा नीति जल्द 

देसाई ने कहा कि कोरोना संकट में औषधि निर्माण क्षेत्र ने बड़ा काम किया है। स्वास्थ्य से जुड़ी सभी चीजों की आपूर्ति के लिए इस क्षेत्र की बड़ी भूमिका है। इसलिए राज्य में औषधि उत्पादन क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए फार्मा नीति जल्द बनाई जाएगी। इस संबंध में बैठक बुलाई जाएगी। इसमें फार्मा क्षेत्र के उद्यमियों और सीईओ को बुलाया जाएगा। 

Tags:    

Similar News