चार स्कूली छात्राओं का अपहरण कर गाड़ी में किया उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार

चार स्कूली छात्राओं का अपहरण कर गाड़ी में किया उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-25 14:37 GMT
चार स्कूली छात्राओं का अपहरण कर गाड़ी में किया उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, सिवनी। मध्य प्रदेश में अपहरण की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। सतना जिले में मासूमों का अपहरण कर उनकी हत्या करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि सिवनी जिले में चार स्कूली छात्राओं का चाकू की नोक पर अपहरण किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। अपहरणकर्ता छात्राओं को अपनी गाड़ी में घुमाते रहे और  अश्लील हरकतें करते रहे। पुलिस ने अपहरण के आरोप में दो आरोपियों को गिरपफ्तार कर लिया है, जबकि दो घटना के बाद से फरार हैं।

भेजा गया जेल
डूंडा सिवनी थाना सीमा के छिडिय़ापलारी गांव के पास से चार छात्राओं के अपहरण किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। हालांकि छात्राओं को आरोपियों ने बाद में लावारिस छोड़ दिया था। इधर पुलिस ने छात्राओं की रिपोर्ट पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

यह था पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार चार छात्राएं सिवनी के एक सरकारी स्कूल आ रही थीं। तभी बीच रास्ते में बोलेरो क्रमांक एमपी एमपी 22 टी 0854 में सवार दो लड़कों ने छात्राओं को जबरन गाड़ी में बैठाया। बाद में छात्राओं को सिवनी बायपास और इधर उधर लेकर घूमाते रहे। इसमें से दो छात्राओं के साथ अश्लील हरकत भी की गई। बाद में आरोपियों ने छात्राओं को एक सुनसान जगह पर छोड़कर भाग निकले।

देर रात दर्ज हुई रिपोर्ट
डरी सहमी छात्राएं अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। रात में परिजन थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने लखनादौन के मिशनटोला निवासी जितेंद्र पिता वीरेंद्र वंशकार और छिड़ियापलारी निवासी गणेश वंशकार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उपयोग में लाई गई जीप को जब्त किया है। बताया गया कि बोलेरो जीप आरईएस विभाग में अटैच है जो कि डूंडासिवनी निवासी राधेश्याम देशमुख के पुत्र पल्लव देशमुख के नाम से रजिस्टर्ड है। वाहन गणेश चलाता है। घटना के समय जितेंद्र गाड़ी चला रहा था।

मोहल्ले के हैं आरोपी
बताया जाता है कि पीड़ित लड़कियों द्वारा दर्ज कराए गए बयान और शनाख्त के आधार पर तुरंत चार में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से की गई प्राथमिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि लड़कियां उन्हें जानती हैं, दोनों आरोपी लड़कियों के मोहल्ले के ही हैं। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए, अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Similar News