एक ही दिन मोदी और भागवत मंडला में, असमंजस में BJP नेता-कार्यकर्ता

एक ही दिन मोदी और भागवत मंडला में, असमंजस में BJP नेता-कार्यकर्ता

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-22 10:27 GMT
एक ही दिन मोदी और भागवत मंडला में, असमंजस में BJP नेता-कार्यकर्ता

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। BJP के नेता और कार्यकर्ता असमंजस में पड़े हुए हैं। असमंजस यह कि मोदी के सम्मेलन में जाएं कि भागवत के कार्यक्रम में शामिल हों। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को मंडला आ रहे हैं। यहां वे पंचायत पदाधिकारियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं RSS चीफ मोहन भागवत का 24 अप्रैल को जिले में आगमन हो रहा है। वे सिहोरा में रामेश्वरम धाम में भोलेनाथ की प्रतिमा के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों ही आयोजनों के लिए BJP के नेताओं और कार्यकर्ताओं को न्यौता दिया गया है। अब नेता और कार्यकर्ता किधर जाएं और किधर न जाएं की स्थिति में हैं।

मंडला के लिए पार्टी और प्रशासन ने तय किया टारगेट
मंडला में होने वाले पंचायत पदाधिकारियों के सम्मेलन के लिए पार्टी के साथ ही प्रशासन भी तैयारी में जुटा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक जिले को पंचायत पदाधिकारियों के साथ भीड़ ले जाने का टारगेट भी मिला है। करीब 7 हजार लोगों को ले जाने की तैयारी है। इसके लिए बकायदा बसें व अन्य वाहनों की व्यवस्था भी की जा रही है। 

सिहोरा में कलश यात्रा के जरिए जुटेगी भीड़ 
सिहोरा में होने वाले धार्मिक आयोजन में लोगों को न्यौता देने व भीड़ इकट्ठा करने गांव-गांव में कलश यात्रा निकाली जा रही है। कलश यात्राएं सिहोरा पहुंचेंगी। इधर BJP कार्यकर्ताओं को भी सिहोरा पहुंचने को कहा गया है। इसके लिए प्रदेश स्तर से निर्देश भी जारी हुए हैं। पिछले दिनों संपतिया उइके ने भी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने को कहा था। 

संघ कार्यालय में होगा भागवत का भोजन-विश्राम 
RSS के विभाग संघ चालक भजनलाल चोपड़े के मुताबिक RSS चीफ मोहन भागवत सिहोरा में भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद संघ कार्यालय छिंदवाड़ा में दोपहर भोजन और विश्राम करेंगे। वे यहां करीब 3 घंटे रुकेंगे। इस दौरान वे मुख्य शिक्षक और संघ पदाधिकारियों से चर्चा भी करेंगे। 

विधायकों का कहना है 
RSS प्रमुख मोहन भागवत का कार्यक्रम सिहोरा में है। विधानसभा क्षेत्र होने के कारण मैं सिहोरा के कार्यक्रम में ही शामिल रहूंगा। 
- रमेश दुबे, विधायक चौरई 

सिहोरा के कार्यक्रम में ही शामिल होंगे। पंचायत पदाधिकारी समेत कुछ लोग मंडला जाएंगे। मंडला के कार्यक्रम का देश भर में सीधा प्रसारण होगा। 
- चौधरी चंद्रभान सिंह, विधायक छिंदवाड़ा 

Similar News