रेप के खिलाफ कांग्रेस के कैंडल मार्च में हुई महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़, कार्यकर्ताओं पर आरोप

रेप के खिलाफ कांग्रेस के कैंडल मार्च में हुई महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़, कार्यकर्ताओं पर आरोप

Tejinder Singh
Update: 2018-04-19 14:40 GMT
रेप के खिलाफ कांग्रेस के कैंडल मार्च में हुई महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़, कार्यकर्ताओं पर आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उन्नाव और कठुआ बलात्कार मामले में कांग्रेस ने रविवार को जुहू इलाके में कैंडल मार्च निकाला था लेकिन इस दौरान पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता से ही छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की गई। महिला ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम से इसकी शिकायत की है। निरुपम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का दावा कर रहे हैं। शिकायत करने वाली महिला जिला स्तर की पार्टी कार्यकर्ता है। निरुपम को भेजे गए संदेश में महिला ने लिखा है कि युवा कांग्रेस और पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ता इस हद तक गिर गए हैं कि उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से छुआ और धक्का दिया। दुखद है कि कुछ पुरुष कार्यकर्ताओं ने मार्च में महिलाओं से आगे निकलने के लिए ऐसा किया ताकि उनका चेहरा मीडिया में दिख सके। मैं जानना चाहती हूं कि क्या भविष्य में महिला कार्यकर्ता इस तरह के कार्यक्रमों में सुरक्षित रहेंगी।

महिला कार्यकर्ताओं के लिए बनाएंगे नियम: निरुपम
निरुपम ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा अगर महिला कार्यकर्ता चाहे तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में उसकी मदद कर सकते हैं। लेकिन महिला ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि उस दौरान काफी भीड़भाड़ थी और उसके लिए आरोपी की पहचान करना संभव नहीं है। निरुपम के मुताबिक महिला पार्टी की ओर से आयोजित धरना प्रदर्शनों में शामिल होती रहती है और अपने साथ दर्जनों दूसरी कार्यकर्ताओं को भी लाती है। महिला को जिस परेशानी से गुजरना पड़ा उसके लिए मैंने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि आगे से जिन कार्यक्रमों में महिला कार्यकर्ता हिस्सा लेंगी उसके लिए कुछ नियम बनाए जाएंगे और इसे तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। 
 

Similar News