पिता के कहने पर भाई ने ले ली बहन की जान, आजमगढ़ से ठाणे लाकर किया कत्ल

पिता के कहने पर भाई ने ले ली बहन की जान, आजमगढ़ से ठाणे लाकर किया कत्ल

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-12 17:51 GMT
पिता के कहने पर भाई ने ले ली बहन की जान, आजमगढ़ से ठाणे लाकर किया कत्ल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कल्याण रेलवे स्टेशन के करीब एक पेड़ से लटकी मिली महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी महिला का भाई है, जिसने दूसरे भाई के पास छोड़ने के बहाने बहन को उत्तर प्रदेश से कल्याण लाकर उसका कत्ल कर दिया। मामले में पुलिस लड़की के पिता समेत कुछ और आरोपियों को भी तलाश रही है। सूत्रों के मुताबिक मृतक महिला के स्वेटर से मिले एक सिमकार्ड ने इस हत्याकांड से पर्दा हटा दिया।

ठाणे जिले के कल्याण रेलवे यार्ड में एक सुनसान जगह 1 जनवरी को पेड़ से लटकी हुई एक 23 वर्षीय महिला का शव मिला था। महिला की पहचान मनिता यादव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया कि हत्या के बाद मनिता का शव हत्या के बाद पेड़ से लटका कर से आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की गई। पुलिस ने कल्याण रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वह तीन लोगों के साथ 31 दिसंबर को स्टेशन पर उतरती नजर आई। इसकी छानबीन के दौरान पुलिस को मनिता ने जो स्वेटर पहना हुआ था, उसकी जेब से एक सिमकार्ड मिला। यह सिमकार्ड उसके उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में रहने वाले भाई तीर्थराज यादव के नाम पर रजिस्टर्ड था। इसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और शुक्रवार को तीर्थराज को दबोच लिया। मामले में पुलिस मनिता के पिता लोटू यादव, रिश्तेदारों रमाकांत यादव, मनोज यादव को भी तलाश रही है। कोलसेवाडी पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर साहूराव साल्वे ने बताया कि मामले में कुछ और आरोपियों के शामिल होने का शक है।

विवाहेत्तर संबंधों के चलते हत्या
आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मनिता की शादी हो चुकी थी, लेकिन विवाहेत्तर संबंधों का आरोप लगाकर उसके ससुराल वालों ने कुछ दिनों पहले उसे मायके छोड़ दिया था। इससे मनिता के पिता, भाई और रिश्तेदार परेशान थे। इसी के चलते उन्होंने मनिता को खत्म करने की साजिश रची। इसके तहत मनिता को बताया गया कि उसे कुछ दिनों अपने मुंबई के विक्रोली इलाके में रहने वाले भाई के पास रहना होगा। 30 दिसंबर को तीर्थराज, रमाकांत और मनोज ने आजमगढ़ से मुंबई के लिए ट्रेन पकड़ी, लेकिन कल्याण में उतरकर उन्होंने सुनसान यार्ड में मनिता की हत्या की और उसका शव पेड़ से लटका दिया।

 

 

Similar News