नौतपा में खूब तप रही संतरानगरी, तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश

नौतपा में खूब तप रही संतरानगरी, तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश

Anita Peddulwar
Update: 2019-06-01 10:23 GMT
नौतपा में खूब तप रही संतरानगरी, तेज हवा के साथ हो सकती है बारिश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नौतपा के दौरान उपराजधानी में गर्मी अपने चरम पर है। पिछले 24 घंटे में नागपुर का तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 46.5 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री रहा। तापमान में अचानक वृद्धि होने से शहरवासी दिन भर गर्मी व उमस से परेशान रहे। अगले 24 घंटे में नागपुर समेत विदर्भ में कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। विदर्भ में वर्धा 46.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। 

पारा 46 के ऊपर
मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में हुई बारिश के कारण नागपुर समेत पूर्व विदर्भ के तापमान में दो दिन तक कमी रही। तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की कमी आने से शहरवासी राहत महसूस कर रहे थे। शुक्रवार को अचानक फिर पारा चढ़ा और नागपुर का तापमान 2.2 डिग्री से बढ़कर 46.5 डिग्री पर पहुंच गया। धूप चुभने लगी थी। मौसम के जानकारों की मानें तो अगले 24 घंटे में तेज गर्म हवा चलेगी और कुछ स्थानों पर बारिश होगी। शनिवार को तापमान 46 डिग्री तक रह सकता है। दिन में पारा जरूर उछाल मारेगा, लेकिन शाम को मौसम में परिवर्तन की संभावना है। कम दबाव की पट्टी तैयार होने से भी बारिश की संभावना बढ़ गई है। पड़ोसी राज्यों में हुई बारिश के कारण शुक्रवार को गोंदिया व गड़चिरोली, दोनों जगहों का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री के आस-पास रहा। 

मानसून में देरी की संभावना
जबरदस्त गर्मी पड़ने के बाद मानसून में देरी की संभावना मौसम विभाग की तरफ से जताई गई थी, मगर मौसम में तेजी से हो रहे उलटफेर से मौसम विभाग की संभावना गलत साबित हो सकती है। पड़ोसी राज्यों में हुई बारिश व दक्षिण-पश्चिम यूपी से कर्नाटक तक तैयार हुई कम दबाव की पट्टी (द्रोणिका) से मौसम में काफी बदलाव होने की संभावना बढ़ गई है। इस बार मानसून सामान्य रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग नागपुर के उपमहानिदेशक एम. एल. शाहू ने बताया कि लांग रेंज फॉरकास्ट अपडेट के अनुसार, मानसून सामान्य रहने की संभावना है। यानी बारिश ठीक-ठाक होगी। 

Tags:    

Similar News