छत्तीसगढ़-ओडिशा से हो रही गांजे की तस्करी, माल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़-ओडिशा से हो रही गांजे की तस्करी, माल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-27 06:05 GMT
छत्तीसगढ़-ओडिशा से हो रही गांजे की तस्करी, माल सहित दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में  छत्तीसगढ़ आैर ओडिशा से  गांजे की तस्करी हो रही है। नागपुर में गांजा तस्करी करने वाले दो गांजा तस्करों को पुलिस ने धरदबोचा। गांजा तस्कर विशम्भर लक्ष्मण कर्मकार (27), किरंदू दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ और मनोज लच्छम मडकामी (26) पद्‌मगिरी, तंगडपल्ली, ओडिशा निवासी से करीब 65 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। दोनों गांजा तस्करों से कार व गांजा सहित पुलिस ने करीब 14 लाख रुपए का माल जब्त किया है, जिसमें गांजा की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अपराध शाखा पुलिस विभाग के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में गांजा की बड़ी खेप आ रही है। दस्ते के प्रमुख राजेंद्र निकम ने सहयोगियों के साथ कलमना क्षेत्र में घेराबंदी की। कलमना रोड पर कार शोरूम के बगल में इनोवा कार (सीजी 04 एच डी - 8504) को रोका। कार की तलाशी लेने पर दो युवक कार से बाहर निकले। कार में बोरियों के अंदर गांजा भरा था। दोनों युवकों ने अपना नाम विशम्भर कर्मकार और मनोज मडकामी बताया। कार में गांजा मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को कलमना थाने ले गई। कार से गांजा जब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कलमना थाने में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों से अन्य नाम सामने आने की संभावना है।

कार के अंदर बनी थी गुप्त जगह 
आरोपियों ने कार के अंदर गुप्त जगह बना रखी थी। इसी के अंदर गांजे की खेप भरकर लाया करते थे। दोनों गांजा तस्कर नागपुर शहर में गत तीन वर्ष से गांजा की खेप ला रहे हैं। यह हमेशा कार से नागपुर में गांजा की खेप हर माह 60 किलो से अधिक ला रहे थे। शहर के कई ढाबों, पानठेलों और मोमिनपुरा परिसर में कई बड़ी होटलों तक गांजे की खेप पहुंचाने का कार्य किया जाता है। यह जानकारी पुलिस को इन गांजा तस्करों ने दी है। 


  

Similar News