झुलसा रहा सूरज,  नागपुर का  पारा फिर 47.2 डिग्री, राहत के नहीं कोई आसार

झुलसा रहा सूरज,  नागपुर का  पारा फिर 47.2 डिग्री, राहत के नहीं कोई आसार

Anita Peddulwar
Update: 2019-06-06 05:34 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  सूर्य की प्रखर प्रचंड किरणें ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। पारा इस सत्र में तीसरी बार 47 डिग्री के पार पहुंच गया।  सबसे अधिक अधिकतम तापमान मध्य प्रदेश के नौगांव में 47.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ब्रह्मपुरी में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

फिलहाल निजात के आसार नहीं 
विदर्भ तथा मध्यप्रदेश में अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को तापमान 5 डिग्री से ऊपर बना रहा। पूरा दिन शहर लू की चपेट में रहा। छुट्टी होने से लोगों ने भी घर के भीतर रहने में ही बेहतर समझा। सुबह से ही रास्ते खाली नजर आए। हालांकि शाम करीब 4 बजे मौसम का रंग बदला। आसमान पर बादलों की टोली ने कब्जा जमा लिया। इससे धूप के तीखेपन में कुछ कमी आई, लेकिन उमस ने परेशान करना शुरू कर दिया। कुछ इलाकों में तेज धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी नजर आई। इससे उमस में ही इजाफा हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ में अभी भी तीव्र लू की चपेट में बना हुआ है। इससे फिलहाल निजात के आसार नहीं हैं। हालांकि दोपहर बाद मानसून पूर्व की हलचलों के लक्षण नजर आएंगे। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री ऊपर रहा। आर्द्रता अधिकतम 36 तथा न्यूनतम 28 प्रतिशत रही।

मानसून के लिए अच्छा
मौसम जानकारों के अनुसार, यदि गर्मी में पारा ऊपर की ओर रहे तो मानसून के अच्छे रहने की संभावना रहती है। खासकर यदि पारा 47 डिग्री या इसके ऊपर पहुंचे तो नागपुर जिले में मानसून के अच्छे रहने की संभावना प्रबल है। इस सत्र में में 3 बार तापमान ने 47 डिग्री को पार किया है। इसके अलावा लगातार 10 दिनों तक तापमान 46 डिग्री के आस पास बना रहा है। इससे देर से ही आ रहा मानसून इस बार जिले को अच्छी मानसूनी बरसात दे सकता है। मौसम जानकाराें का मानना है कि तापमान के बढ़ने से मौसम सूखा हो जाता है और ऊपरी सतह पर शून्य निर्मित होता है। इससे नमी के आते ही तेजी से प्रवेश करती है और झमाझम बरसात देती है।

Tags:    

Similar News