नाना पटोले बोले - भाजपा का मुकाबला करने कांग्रेस सक्षम

ममता का दौरा और कांग्रेस नेताओं बैठक  नाना पटोले बोले - भाजपा का मुकाबला करने कांग्रेस सक्षम

Tejinder Singh
Update: 2021-12-02 16:07 GMT
नाना पटोले बोले - भाजपा का मुकाबला करने कांग्रेस सक्षम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई दौरे के वक्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस नेतृत्व वाले यूपीए और राहुल गांधी पर सवाल खड़े करने के बाद गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने ममता पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसी के प्रमाण पत्र की जरुरत नहीं है। पार्टी भाजपा का मुकाबला करने के लिए सक्षम है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस को अलग कर कई मोर्चे बनाने की कोशिश की गई पर उसका क्या हश्र हुआ सभी को पता है। कांग्रेस पार्टी सोनिया व राहुल गांधी के नेतृत्व में भाजपा को जवाब देने में सक्षम है। इसके पहले बुधवार को ममता बनर्जी ने मुंबई में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात के बाद सवाल किया था कि यूपीए आज कहां हैॽ इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया था। ममता की इस बयानबाजी से महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता कुपित हो गए हैं। इसको लेकर गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता बाला साहेब थोरात के आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद पटोले ने नाम लिए बगैर ममता पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पिछले सात वर्षों से केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। पटोले ने कहा कि वर्ष 2019 में भी इसी तरह के प्रयास हुए थे जिससे भाजपा को फायदा ही हुआ। इस लिए भाजपा से मुकाबले के लिए हम सबको एकजुट होना पड़ेगा। कांग्रेस विधायक दल के नेता थोरात ने कहा कि देश के लिए कांग्रेस पार्टी ही सक्षम विकल्प है।  

विलासराव का वीडियो ट्वीट कर ममता पर चव्हाण का कटाक्ष

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्य के पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का एक वीडियो ट्वीट कर ममता बनर्जी पर कटाक्ष किया। इस वीडियो में विलासराव यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि ‘कांग्रेस की चाल बुद्धिबल वाले हाथी जैसा है, सरल व सीधे धड़क देने वाली। कांग्रेस ऊंट की तरह तीरछे और घोडे की तरह ढाई कदम नहीं चलती।’ चव्हाण ने अपने ट्विट में कहा कि फिलहाल कांग्रेस को लेकर कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई है। इस पृष्ठिभूमि में स्वर्गीय विलासराव देशमुख के इस वक्तव्य की याद आ गई।   

                
 

Tags:    

Similar News