नवतपा : झुलसाएंगी गर्म लपटें, 46.3 रहा नागपुर का पारा

नवतपा : झुलसाएंगी गर्म लपटें, 46.3 रहा नागपुर का पारा

Anita Peddulwar
Update: 2019-05-25 10:18 GMT
नवतपा : झुलसाएंगी गर्म लपटें, 46.3 रहा नागपुर का पारा

 डिजिटल डेस्क, नागपुर। शनिवार 25 मई से नवतपा शुरू हो गया है। पंचागों  के अनुसार 25 मई से नवतपा शुरू होकर 3 जून तक रहेगा। नवतपा के दौरान 9 दिन तक भयंकर धूप रहने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए नवतपा कहा जाता है। सूरज का आग उगलना जारी है। शुक्रवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री रहा। नागपुर अभी भी रेड जोन में है। नागपुर समेत विदर्भ में गर्म हवा चलने की प्रबल संभावना है। 

अभी दो दिन और रेड जोन 
मौसम विभाग के अनुसार नागपुर समेत विदर्भ में गर्मी का प्रकोप जारी है। नागपुर में गर्म हवा जारी रहेगी और रेड जोन का खतरा और दो दिनों तक बना रहेगा। अगले 48 घंटे तक नागपुर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक रह सकता है। बीच-बीच में आसमान में आंशिक रूप से बादल आते-जाते रहेंगे। पिछले दो सप्ताह से चंद्रपुर विदर्भ में सबसे गर्म बना हुआ है। शुक्रवार को राज्य में चंद्रपुर 46.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। नवतपा के दौरान गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। नवतपा में लू लगने का खतरा अधिक होता हैै। नवतपा में कभी-कभी बारिश भी होती है या बादल छाए रहने से तापमान में कमी आ जाती है। कई बार 25 मई से पहले ही जबरदस्त गर्मी पड़ती है। इस साल 25 मई के पहले ही गर्मी ने रिकार्ड बनाए हैं। विदर्भ में कई जगह 47 डिग्री तापमान रहा। नवतपा में ही सबसे ज्यादा तापमान रहेगा। मौसम के जानकारों की मानें, तो गर्मी बनी रहेगी।

ट्रेन में वृद्धा की मौत, लू की आशंका
नागपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आई एक एक्सप्रेस ट्रेन में एक वृद्ध महिला बेहोशी की हालत में मिली। उपस्टेशन प्रबंधक की मदद से रेलवे के डॉक्टरों ने जांच करने के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत लू लगने से होने की आशंका व्यक्त की गई है। रात में नागपुर के प्लेटफार्म नंबर 4 पर मुंबई-नागपुर नंदीग्राम एक्सप्रेस आई थी। गाड़ी के जनरल बोगी में एक 65 वर्षीय महिला बेहोशी की हालत में पाई गई। स्टेशन व्यवस्थापक को इसकी जानकारी देने के बाद रेलवे के डॉक्टरों को बुलाया गया। जांच करने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत बताया। महिला की पहचान नहीं हो पाई है। उसने हरा रंग का कुर्ता व क्रीम रंग का पैजामा पहना था। 

Tags:    

Similar News