भाजपा-शिवसेना के बीच सीट बटवारे को लेकर अब मुनगंटीवार और पाटील का अहम रोल

भाजपा-शिवसेना के बीच सीट बटवारे को लेकर अब मुनगंटीवार और पाटील का अहम रोल

Tejinder Singh
Update: 2019-09-03 12:37 GMT
भाजपा-शिवसेना के बीच सीट बटवारे को लेकर अब मुनगंटीवार और पाटील का अहम रोल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा और शिवसेना के बीच विधानसभा की सीट साझेदारी के लिए भाजपा ने वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील को जिम्मेदारी दी है। दोनों नेताओं ने शिवसेना से चर्चा का दौर बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि गणेशोत्सव के समय ही सीट साझेदारी को लेकर चर्चा होगी। गणेशोत्सव के बाद सीटों के लिए तालमेल घोषित कर दिया जाएगा। शिवसेना की ओर से उद्योगमंत्री सुभाष देसाई चर्चा के लिए जिम्मेदार नियुक्त किए गए हैं।

भाजपा-शिवसेना युतिः गठबंधन के लिए पहले तय होगा फार्मूला

मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने मुंबई में कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना के बीच पहले युति का फार्मूला तय होगा। इसके बाद दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा होगी। मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा और शिवसेना के युति का फार्मूला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे मिलकर तय करेंगे। यह फार्मूला तय होने के बाद सीटों के बंटवारे पर चर्चा शुरू होगी। मुनगंटीवार ने कहा कि भाजपा की तरफ से मैं, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील और पार्टी के एक अन्य मंत्री शिवसेना से सीटों के बंटवारे के लिए चर्चा करेंगे। इससे पहले लोकसभा चुनाव के समय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे का 50-50 फार्मूला घोषित किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विधानसभा की 288 सीटों में सहयोगी दलों के लिए सीटें देने के बाद बची हुई सीटों पर 50-50 फार्मूले पर भाजपा और शिवसेना लड़ेगी।  

भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार विदर्भ में भाजपा ने सीट साझेदारी के लिए पूरी तैयारी कर ली है। विदर्भ में भाजपा की 66 में से 42 सीटों पर भाजपा के विधायक है। इन सीटों में अनुसूचित जाति, व अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षिण सीटों का भी समावेश है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व भाजपा के कार्यकर्ताओं की क्षेत्र समीक्षा की है। उसमें यह तथ्य सामने आया है कि जो आरक्षित सीटों पर भाजपा की स्थिति पहले से अधिक बढ़ी है। खासकर पश्चिम विदर्भ में भाजपा पहले से अधिक मजबूत हुई है। लिहाजा भाजपा किसी भी सीट पर शिवसेना के साथ समझौता करने की स्थिति में नहीं हैं।

हाल ही में चंद्रकांत पाटील नागपुर आए थे। उन्होंने विदर्भ के पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की है। विदर्भ की स्थिति पर मुनगंटीवार का काफी अध्ययन है। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में सभी सीटाें के लिए भाजपा की निर्णायक चर्चा हो चुकी है। विदर्भ में कम से कम 50 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ना चाहती है। पदाधिकारी ने बताया कि इस बार सीट साझेदारी को लेकर भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह सीधे तौर पर निर्देश दे रहे हैं। हाल में उन्होंने राज्य का दौरा किया है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश संगठन मंत्री भी शाह ने ही नियुक्त किए है। मुनगंटीवार व पाटील के माध्यम से संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शिवसेना तक अपनी बात पहुंचाएंगे। बदली हुई राजनीतिक स्थिति में शिवसेना को नियंत्रण में रखने के लिए भी भाजपा में रणनीतिक स्तर पर काम चल रहा है। 

 

Tags:    

Similar News