अब मनपा में 7 उपायुक्त,नए सिरे से संभालेंगे जिम्मेदारी

अब मनपा में 7 उपायुक्त,नए सिरे से संभालेंगे जिम्मेदारी

Anita Peddulwar
Update: 2020-02-08 11:22 GMT
अब मनपा में 7 उपायुक्त,नए सिरे से संभालेंगे जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा के विविध विभागों का काम सुचारू करने तथा पारदर्शिता बढ़ाने की दृष्टि से आयुक्त तुकाराम मुंढे ने उपायुक्त संवर्ग के अधिकारियों की नए सिरे से जिम्मेदारी तय की है। 9 फरवरी 2018 के शासन निर्णय अनुसार उपायुक्त संवर्ग के 3 पदों की मंजूरी मिलने से अब 4 की जगह 7 उपायुक्त संवर्ग के अधिकारी मनपा का कामकाज संभालेंगे। प्रत्येक अधिकारी को अलग-अलग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 6 फरवरी को आदेश जारी किए गए हैं। मनपा आयुक्त ने प्रशासकीय कामकाज में सुधार की दृष्टि से यह बड़ा निर्णय लिया है।

इस तरह तय हुई जिम्मेदारी
सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी उपायुक्त (सा. प्र.) के पास रहेगी। आयुक्त  का कामकाज, सामान्य प्रशासन, आस्थापना, सुरक्षा विभाग, अधिकारियों को निजी वाहन की आपूर्ति, स्टोर, अभिलेख विभाग, विभागीय जांच, सूचना व जनसंपर्क, जनगणना, विधि विभाग, निर्वाचन विभाग, लोकशाही दिन, आपले सरकार पोर्टल, पीजी पोर्टल आदि जिम्मेदारियां रहेंगी। समाज विकास विभाग की जिम्मेदारी उपायुक्त (समाज कल्याण) के पास रहेगी। दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी उपजीविका अभियान, महिला व बाल कल्याण, दुर्बल घटक, दिव्यांग कल्याण, गलिच्छ बस्ती सुधार आदि की जिम्मेदारी रहेगी। 

कर विभाग की जिम्मेदारी उपायुक्त (राजस्व) के कंधे पर डाली गई है। संपत्ति कर विभाग, स्थानीय संस्था कर विभाग, वस्तु व सेवा कर का कामकाज संभालेंगे।  संपत्ति विभाग के विभाग प्रमुख उपायुक्त (संपत्ति) रहेंगे। उनके अधीन स्थावर कक्ष, विज्ञापन विभाग, बाजार कक्ष, अनुमति कक्ष रहेंगे। अतिक्रमण विभाग प्रमुख उपायुक्त (अतिक्रमण) रहेंगे। अतिक्रमण कक्ष, अतिक्रमण उन्मूलन, अनधिकृत निर्माणकार्य नियंत्रण व उन्मूलन का कामकाज संभालेंगे। 

स्वास्थ्य विभाग प्रमुख उपायुक्त तथा संचालक (घनकचरा व्यवस्थापन) के जिम्मे दिया गया है। घनकचरा संकलन व प्रबंधन, स्वच्छ भारत अभियान, शहर स्वच्छता से संबंधित जिम्मेदारी, पशुवैद्यकीय सेवा आदि जिम्मेदारी संभालेंगे। 
उद्यान व वृक्ष प्राधिकारण विभाग प्रमुख उपायुक्त (उद्यान) रहेंगे। उद्यान, वृक्ष प्राधिकारण, अमृत ग्रीन स्पेस याेजना की जिम्मेदारी उनके हवाले रहेगी।  सचिवालय विभाग प्रमुख मनपा सचिव रहेंगे। शिक्षा विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी शिक्षणाधिकारी को दी गई है। सभी शैक्षणिक सेवा, प्राथमिक, माध्यमिक स्कूल, समग्र शिक्षा अभियान, मध्याह्न भोजन, क्रीड़ा व सांस्कृतिक विभाग, ग्रंथालय व अध्ययन कक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। 

नगररचना विभाग प्रमुख सहायक संचालक (नगर रचना) रहेंगे। उन्हें नगररचना, शहर विकास प्रारूप की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वित्त व लेखा विभाग प्रमुख मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी रहेंगे। लेखा परीक्षण विभाग के मुखिया मुख्य लेखा परीक्षक रहेंगे। सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग प्रमुख अधीक्षक अभियंता (सा. नि.) रहेंगे। सार्वजनिक निर्माणकार्य अंतर्गत सभी प्रकार के काम, वाहन व यांत्रिकी विभाग, इमारत व निर्माण विभाग, हॉट मिक्स प्लांट, झोपड़पट्टी पुनर्विकास प्राधिकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना की जिम्मेदारी रहेगी। सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी अधीक्षक अभियंता (सा. स्वा. अ.) पर रहेगी। जलापूर्ति, घनकचरा प्रबंधन व प्रक्रिया, जल निकासी नियोजन व प्रबंधन, अमृत योजना, सभी जलापूर्ति व जल निकासी से संबंधित जिम्मेदारी निभाएंगे।

विद्युत विभाग के प्रमुख कार्यकारी अभियंता (विद्युत) रहेंगे। पर्यावरण विभाग प्रमुख कार्यकारी अभियंता (पर्यावरण) रहेंगे। शहर यातायात (नियोजन व प्रबंधन) विभाग प्रमुख यातायात नियोजन अधिकारी रहेंगे। अग्निशमन विभाग प्रमुख मुख्य अग्निशमन अधिकारी रहेंगे। अग्निशमन व आपातकालीन सेवा विभाग, आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएंगे। स्वास्थ्य विभाग (चिकित्सा) विभाग प्रमुख स्वास्थ्य अधिकारी रहेंगे। स्वास्थ्य सेवा, राष्ट्रीय नागरी स्वास्थ्य अभियान, सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय हाथीपांव व टीकारण कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य से संबंधित सभी उपक्रम की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। सूचना व तकनीकी विभाग प्रमुख सूचना व तकनीकी संचालक रहेंगे। उन्हें ई-गवर्नेंस व नागरी सुविधा केंद्र अंतर्गत आने वाली सभी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

मुंढे ने लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय
आयुक्त का पदभार संभालने के बाद तुकाराम मुंढे ने मनपा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सड़कों पर भरनेवाले बाजार हटाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का साहसी कदम उठाया गया। दुकानों में कचरा पेटी रखने का फरमान जारी किया। शहर कचरा मुक्त करने की दिशा में उठाए गए इस कदम को सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। मनपा की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए बकाया संपत्ति कर सख्ती से वसूल किया जा रहा है। वर्गीकृत कचरा संकलन करने की सख्ती कर नागरिकों से गीला, सूखा अलग-अलग संकलन करने का आह्वान किया है। पदभार संभालने के दूसरे ही दिन से जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों की समस्या सुनकर तत्काल निपटारा किया जा रहा है। मुंढे की कार्यशैली से मनपा के अधिकारी, कर्मचारियों में जिम्मेदारी का एहसास बढ़कर कामकाज को गति मिली है।

Tags:    

Similar News