AC बसें चलाएगा ST प्रशासन, निजी कंपनियों को दी जिम्मेदारी

AC बसें चलाएगा ST प्रशासन, निजी कंपनियों को दी जिम्मेदारी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-16 09:04 GMT
AC बसें चलाएगा ST प्रशासन, निजी कंपनियों को दी जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  स्मार्ट शहर की हर बात स्मार्ट होती नजर आ रही है। मेट्रो ने जिस तरह से उपराजधानी में चार चांद लगाए हैं वहीं अब एसटी नई एसी बसें शहर में दौड़ाने की तैयारी कर रही है।  एसटी प्रशासन अब नई एसी बसें निजी कंपनी के हाथों में देने जा रहा है। निजी कंपनी इन बसों का संचालन करेगी। प्रति किमी के अनुसार एसटी को पैसा देना होगा।

नागपुर से बड़े शहरों के साथ छोटे-छोटे गांवाों तक यात्री आरक्षण की झंझट में न पड़कर आसानी से यात्रा कर सकते हैं। नागपुर विभाग की बात करें तो कुल 579 बसें चलाई जाती हैं, लेकिन इन बसों में अब तक कोई भी एसी बस नहीं थी। अब प्रशासन की ओर से नई शिवशाही बसों को मंगाया गया है। मुंबई से हाल ही में नागपुर को दो बसें मिली हैं। जिन्हें पुणे के लिए चलाया जा रहा है। यह पूरी तरह से एसी बस हैं, इन्हें यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। 
 

ये भी पढ़ें- मुंबई BEST ने शुरु की ईको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक बस सर्विस

पहले विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में दौड़ेंगी
प्रशासन की ओर से अब यवतमाल, अमरावती, भंडारा जैसी जगहों की ओर भी शिवशाही बसों को चलाने का फैसला लिया  गया है, लेकिन इतनी बसों के संचालन में नुकसान सहना पड़ सकता है। प्रशासन पहले से ही घाटे में है। नागपुर के बाहर की 4 कंपनियों को यह जिम्मेदारी दी गई है। जिनके माध्यम से बसों को चलाया जाएगा। हालांकि इसमें कंडक्टर एसटी प्रशासन का रहेगा, लेकिन ड्राइवर निजी कंपनी के होंगे। एसटी निजी कंपनी को प्रति किमी 22 रुपए के अनुसार देगी। इसके बाद बसों का रखरखाव निजी कंपनी के जिम्मे होगा।

निजी कंपनी को जिम्मेदारी 
एसटी परिवहन महामंडल, विभाग नियंत्रक एस. पंचभाई का कहना है कि हमारी ओर से यवतमाल, अमरावती, भंडारा आदि जगहों की ओर नई शिवसाई बसें चलाई जाएंगी, लेकिन इन बसों का संचालन निजी कंपनियों के माध्यम से किया जाएगा। 

Similar News