अब जाकर शांत हुई शीतलहर, लोगों को ठंड से मिली थोड़ी राहत

अब जाकर शांत हुई शीतलहर, लोगों को ठंड से मिली थोड़ी राहत

Tejinder Singh
Update: 2019-02-02 13:12 GMT
अब जाकर शांत हुई शीतलहर, लोगों को ठंड से मिली थोड़ी राहत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विदर्भ में शीतलहर शांत हो गई है। रात का पारा भी ऊपर चढ़ रहा है, इससे उपराजधानी को ठंड से ही जल्द राहत की उम्मीद है। जानकारों के अनुसार, सर्दी अब ढलान की ओर है। हवा दक्षिणी बह रही है। इससे ठंडक का असर घटा है। हालांकि अभी भी घाटी में जोरदार बर्फबारी हो रही है, लेकिन हवा की दिशा बदलने से विदर्भ को ठंड से राहत मिली है। तटीय कर्नाटक पर एक चक्रवाती चक्र बना हुआ है। इससे जुड़ी द्रोणिका मध्य महाराष्ट्र, पश्चिम मध्य प्रदेश व पूर्वी राजस्थान से होते हुए पंजाब तक खिंची है। इससे छिटकी कुछ नमी विदर्भ में प्रवेश कर सकती है। बादलों के आने से पारा के और ऊपर चढ़ने की उम्मीद बन रही है।

दो दिन में 3 से 4 डिग्री बढ़त के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य पर 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार की अपेक्षा रात के तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि अभी भी यह सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री नीचे है। आर्द्रता अधिकतम 78 तथा  न्यूनतम 48 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ कर रहा है। अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री बढ़त के आसार हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान के 11 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। 

 

Similar News