सड़क हादसे में 1 की मौत, चलती बस से गिरे यात्री ने अस्पताल में तोड़ा दम, दूसरी मंजिल से कूदा युवक

सड़क हादसे में 1 की मौत, चलती बस से गिरे यात्री ने अस्पताल में तोड़ा दम, दूसरी मंजिल से कूदा युवक

Tejinder Singh
Update: 2019-06-02 10:47 GMT
सड़क हादसे में 1 की मौत, चलती बस से गिरे यात्री ने अस्पताल में तोड़ा दम, दूसरी मंजिल से कूदा युवक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी रोड पर तेज रफ्तार स्कार्पियो कार एक व्यक्ति को कुचलते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। मृतक का नाम अभिमन्यु  डोरले (50) है। पता चला है कि मृतक ग्रापं सचिव राहुल डोरले के पिता थे। चर्चा है कि, कार पालकमंत्री के भाई की है। घटना कामठी-नागपुर मार्ग पर मोहम्मद अली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को रात करीब 8 बजे हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार खैरी निवासी अभिमन्यु डोरले दोपहिया वाहन क्र.-एम.एच.-40-ए.एफ.-1861 पर जा रहे थे। इस दौरान पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो क्र.-एम.एच.-40-ए.सी.-4545 ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया पर सवार अभिमन्यु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही यशोधरानगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। इधर हादसे में घायल स्कार्पियो चालक को भी निजी अस्पताल में भर्ती िकया गया है। समाचार लिखे जाने तक कार चालक पर मामला दर्ज नहीं किया गया था।   हादसे के बारे में पेट्रोलपंप व चांदनी सेलिब्रेशन में लगे  सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की जांच में पता चल सकेगा कि हादसा कैसे हुआ। 

चलती बस से गिरे यात्री की अस्पताल में मौत

हिंगना थानांतर्गत चलती बस से गिरे एक यात्री की मौत हो गई। मृतक का नाम सुरेश प्रल्हाद कुरी (35), बुटीबोरी निवासी है। घटना 30 मई को शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरेश कुरी बुटीबोरी से नागपुर आ रहा था। इसी दौरान बुटीबोरी से नागपुर जामठा परिसर में चलती बस से वह नीचे गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। उसे मेडिकल अस्पताल  में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हिंगना थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक धानोरकर ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।मामले की जांच कर रही है। 

दूसरी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या 

उधर सदर थानांतर्गत एक 32 वर्षीय व्यक्ति ने मकान की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम मो. कासिम कुरेशी शेख करीम कुरेशी है। खुदकुशी का कारण अज्ञात है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गड्डीगोदाम स्थित सेंट जॉन स्कूल के पास रहने वाले मो. कासिम ने गत 31 मई को घर की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाने के उपनिरीक्षक घुगे ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Tags:    

Similar News