गर्मी के आगे सभी जतन फेल, परेशान लोग, चंद्रपुर सबसे गर्म 

गर्मी के आगे सभी जतन फेल, परेशान लोग, चंद्रपुर सबसे गर्म 

Tejinder Singh
Update: 2019-04-14 11:32 GMT
गर्मी के आगे सभी जतन फेल, परेशान लोग, चंद्रपुर सबसे गर्म 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी समेत पूरे विदर्भ में सूरज का आग उगलना जारी है। रविवार को तेज धूप की चुभन महसूस हुई। इससे पहले शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा। भीषण गर्मी से परेशान शहरवासियों को गर्मी से शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है। नागपुर समेत पूरा विदर्भ तप रहा है। शनिवार को विदर्भ में सबसे ज्यादा गर्म चंद्रपुर रहा। वहां का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी सूरज आग उगलेगा।  सूरज की तपन के आगे पंखे, कूलर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। लोग दोपहर में घर से बाहर नहीं निकल पा रहे। जरूरी होने पर भी इंतजाम के साथ बाहर निकल रहे हैं। रविवार को 43 डिग्री तक तापमान रह सकता है। तेज गर्मी के कारण दोपहर को होनेवाले कार्यक्रम शाम को हो रहे हैं। 

चंद्रपुर सबसे गर्म 

शनिवार को विदर्भ में सबसे ज्यादा तापमान चंद्रपुर का रहा। चंद्रपुर का अधिकतम तापमान 44.2 व न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। ब्रह्मपुरी में भी अधिकतम तापमान इतना ही रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री रहा।

गाज गिरने से जला पेड़

इससे पहले रामटेक में शुक्रवार को दिन भर भारी धूप के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट लिया। अंधड़ के साथ भारी बूंदाबांदी शुरू हुई। रात करीब 8 बजे के दरमियान  समर्थ स्कूल रामटेक समीपस्थ रामालेश्वर तालाब के किनारे बसे नानोटे के घर के सामने स्थित बरगद और सिंद के पेड़ में अचानक बिजली गिरी। जिससे पेड़ धधक उठा और धूं-धूं कर जलने लगा। नागरिकों ने तुरंत नगर परिषद को सूचना दी। टैंकर गाड़ी बुलाई गई। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

Tags:    

Similar News