दुर्गा उत्सव और मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

दुर्गा उत्सव और मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-25 02:45 GMT
दुर्गा उत्सव और मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दुर्गोत्सव, दशहरा एवं मुहर्रम त्यौहारों के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस महकमा किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतना चाहता है। इसे लेकर कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला ने पत्रवार्ता आयोजित कर त्यौहारों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी। 

बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि त्यौहारों के मद्देनजर सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं और किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए चल समारोह, प्रतिमा विसर्जन एवं ताजिया जुलूस के लिए समय का भी निर्धारण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस अपना कर्तव्य पूरी  मुस्तैदी से निभाएगा, लेकिन इसमें नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। कलेक्टर ने कहा कि निगरानी के लिए इस बार विसर्जन स्थानों पर CCTV कैमरों का बंदोबस्त किया गया है। इसके साथ-साथ चल समरोह में एरियल व्यू कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक शुक्ला ने बताया कि ओमती, कोतवाली और गोरखपुर क्षेत्र के चल समारोह के दौरान 400 जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा इतने ही जवानों के अतिरिक्त बल की व्यवस्था भी की जा रही है। 

नर्मदा में विसर्जन प्रतिबंधित 
कलेक्टर चौधरी ने बताया कि इस बार नर्मदा में मूर्तियों का विसर्जन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इस दिशा में प्रचलित रास्तों पर चौकसी की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतिबंध को धारा 144 के अंतर्गत रखा गया है। जिसका उल्लंघन करने पर धारा 188 के तहत दंडात्मक कार्रवाई हो सकेगी। कलेक्टर ने बताया कि 30 सितंबर को आयोजित होने वाले दशहरा चल समारोहों का जुलूस रात साढ़े 11 बजे तक समाप्त कर लिया जाएगा। वहीं रात साढ़े 12 बजे से शहादत की रात पर सवारियां व ताजिया के भ्रमण की व्यवस्था होगी। 

प्रशासन रहेगा मुस्तैद
चल समारोह में 800 जवान तैनात।
छोटे-छोटे प्वाइंट पर बल मुस्तैद रहेगा।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी एक साथ गश्त करेंगे।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोड रेड के जवान दो शिफ्टों में काम करेंगे।
पार्किंग के लिए स्टैण्ड संचालकों को बुलाकर बनाई जाएगी गाइडलाइन।

 

Similar News