इसी महीने प्रधानमंत्री रखेंगे मुंबई-पुणे हाईपरलूप परियोजना की आधारशिला

इसी महीने प्रधानमंत्री रखेंगे मुंबई-पुणे हाईपरलूप परियोजना की आधारशिला

Bhaskar Hindi
Update: 2019-08-21 13:53 GMT
इसी महीने प्रधानमंत्री रखेंगे मुंबई-पुणे हाईपरलूप परियोजना की आधारशिला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र सरकार राज्य के लोगों को एक और महत्वपूर्ण तोहफा देने वाली है। देश की पहली बुलेट ट्रेन के बाद दुनिया की पहली हाईपरलूप सेवा के लिए अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों भूमिपूजन होगा। हाईपरलूप से मुंबई से पुणे की यात्रा सिर्फ 35 मिनट में पूरी हो सकेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सितंबर में प्रधानमंत्री मोदी के हाथों पुणे में मुंबई-पुणे हाईपरलूप सेवा के लिए आधारशिला रखे जाने की योजना है। राज्य मंत्रिमंडल ने इसी महीने हाईपरलूप परियोजना को मंजूरी दी थी। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के वॉररुम में इन दिनों हाईपरलूप परियोजना की तैयारी चल रही है। पहले चरण में 11.80 किलोमीटर का कार्य पूरा किया जाएगा। जबकि दूसरे चरण में बाकी 105.7 किलोमीटर का कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भूमिगत मेट्रो के एक किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर एक हजार करोड़ का खर्च आता है। एलिवेटेड मेट्रो मार्ग पर चह खर्च करीब 350 करोड़ प्रति किलोमीटर है जबकि हाईपरलूप के एक किलोमीटर पर लगभग 400 करोड़ रुपए का खर्च अपेक्षित है। इस परियोजना को पूरा करने में 9 साल का समय लगेगा।      


दुनिया की पहली हाईपरलूप परियोजना 

इसके पहले बीते 30 जुलाई को राज्य मंत्रिमंडल ने हाइपरलूप ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी। यह दुनिया में पहली बार है, जब किसी सरकार ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए हाइपरलूप टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल के लिए स्वीकृति दी है। हाइपरलूप तैयार होने के बाद मुंबई-पुणे का सफर महज 23 मिनट में तय हो सकेगा। अभी सड़कमार्ग से यह दूरी साढे तीन घंटे में पूरी होती है।

वर्जिन हाइपरलूप वन के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार दुनिया में हाइपरलूप प्रौद्योगिकी के पहले समर्थकों में से एक है। कंपनी दुनिया की पहली हाइपरलूप परियोजना लगाएगी। डीपी वर्ल्ड (डीपीडब्ल्यू) एक वैश्विक ट्रेड दिग्गज है और देश की प्रमुख पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स ऑपरेटर है। यह परियोजना के पहले चरण में 50 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी। इस परियोजना को लेकर वर्जिन हाइपरलूप वन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जे वाल्डर ने कहा है कि ‘इतिहास रचा जा रहा है। दुनिया के पहले हाइपरलूप ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम के मेजबानी की होड़ लगी है और यह घोषणा भारत को मजबूती से आगे बढ़ाएगी’

Tags:    

Similar News