जीवित महिला को मृत दर्शाकर संपति हड़पी, चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

जीवित महिला को मृत दर्शाकर संपति हड़पी, चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

Anita Peddulwar
Update: 2020-01-01 10:38 GMT
जीवित महिला को मृत दर्शाकर संपति हड़पी, चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जीवित महिला को मृत दर्शाकर चार लोगों ने उसकी संपत्ति हड़प ली । इसके लिए रजिस्ट्रार के सामने फर्जी वारिस को खड़ा किया गया था,जबकि महिला का कोई वारिस ही नहीं है। घटित प्रकरण को फर्जी दस्तावेजों की मदद से अंजाम दिया गया है। मामला प्रकाश में आने से बुधवार को चार लोगों के खिलाफ वाठोड़ा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है,लेकिन अभी तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रकरण में और भी चौंकाने वाले तथ्य उजागर होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार जय प्रकाश नगर स्थित किरन अपार्टमेंट निवासी भावना सुधाकर कुलकर्णी (72) के साथ ऐसा वाकया घटित हुआ है। भावना का पति सुधारकर कुलकर्णी राज्य बीमा कंपनी पुणे में कार्यरत था। बरसों पहले भावना और सुधाकर ने मौजा दिघोरी स्थित खसरा नंबर 23 ,आराधना नगर में प्लाट खरीदा था। जब कभी वह पुणे से नागपुर आते थे प्लाट देखने जाते थे। इस बीच 1998 में सुधाकर का देहांत हो गया। भावना को कोई औलाद नहीं है। जिससे पुणे में अकेली रहने के बजाय नागपुर में रिश्तेदार के सहारे रहना भावना को ठीक लगा।  वह नागपुर रहने आ गई। नागपुर में आने के बाद उसने प्लाट पर जाकर देखा तो वहां पर आलीशान मकान खड़ा था।

भावना ने प्लाट के दस्तावेज दिखाए और वह प्लाट उसका होने का दावा किया। इस बीच मामले की संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रकरण की जांच पड़ताल के दौरान आरोपी राजेश सुधाकर कुलकर्णी नामक व्यक्ति ने खुद को भावना और सुधाकर का वारिस बताकर भावना का प्लाट फर्जी दस्तावेजों की मदद से अपने नाम किया,जबकि भावना को कोई वारिस नही है। इसके बाद वह प्लाट आरोपी भीमराव सागर वागदे (34 ) रुई पांजरी निवासी को बेच दिया। बाद में भीमराव ने भी वहीं प्लाट मोहाड़ीकर नामक व्यक्ति को बेच दिया। वर्तमान में उक्त विवादित प्लाट पर मोहाड़ीकर ने मकान खड़ा किया है। प्रकरण में आरोपी विकास जैम्स चौरे इंदिरा नगर निवासी नामक व्यक्ति की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उसी ने सहायक दुय्यम निबंधक (रजिस्ट्रार) के कार्यालय में सुधाकर के वारिस को पहचानने की पुष्टि की थी,हालांकि यह सब फर्जी तरीके से किया गया है। घटित प्रकरण में राजेश, भीमराव, अश्विन वंजारी और विकास चौरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों ने भावना को 22 लाख रुपए से चूना लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

Tags:    

Similar News