भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राजनीति के अपराधिकरण पर पेश होगा प्रस्ताव 

16 नवंबर भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राजनीति के अपराधिकरण पर पेश होगा प्रस्ताव 

Tejinder Singh
Update: 2021-11-11 15:45 GMT
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राजनीति के अपराधिकरण पर पेश होगा प्रस्ताव 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 16 नवंबर को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वसंत स्मृति में होगी। बैठक में विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा प्रदेश भाजपा प्रभारी सी टी रवि समेत पार्टी के सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। आगामी विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन, विधान परिषद की सात सीटों पर घोषित चुनाव और अगले साल होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में तीन प्रस्ताव पारित होगा। इसमें कोरोना महामारी से निपटने और देश में व्यापक टीकाकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव भी शामिल है। प्रदेश की राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण को लेकर एक प्रस्ताव रखा जाएगा। 

विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने राज्य के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक के खिलाफ अंडरवर्ल्ड के जुड़े लोगों से मुंबई के कुर्ला में जमीन खरीदने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में मलिक ने फडणवीस पर मुख्यमंत्री रहते हुए अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। इन आरोप और प्रत्यारोपों के बीच प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में राजनीति में बढ़ते अपराधीकरण को लेकर प्रस्ताव रखने का भाजपा का फैसला अहम माना जा रहा है। 

प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इसके जरिए सरकार की नीतियों, एसटी महामंडल के कर्मचारियों की समस्या समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। राज्य में अगले साल फरवरी महीने में राज्य की अधिकांश मनपा, नगर पालिका और जिला परिषदों के चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के हर जिले के जिलाध्यक्ष, पार्टी के हर  शहर के अध्यक्ष और भाजपा के जिला परिषद अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। जबकि पार्टी के जिलास्तर के पदाधिकारी और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष हर जिले से ऑनलाइन बैठक में हिस्सा लेंगे। 

Tags:    

Similar News