शादी का झांसा देकर सेल्स टैक्स विभाग मुंबई के इंस्पेक्टर ने किया रेप

शादी का झांसा देकर सेल्स टैक्स विभाग मुंबई के इंस्पेक्टर ने किया रेप

Anita Peddulwar
Update: 2019-05-24 09:53 GMT
शादी का झांसा देकर सेल्स टैक्स विभाग मुंबई के इंस्पेक्टर ने किया रेप

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शादी के सपने दिखाकर सेल्स टैक्स विभाग मुंबई के इंस्पेक्टर ने  सीआरपीएफ में कार्यरत एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ दुराचार किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना गिट्टीखदान थानांतर्गत पुलिस लाइन टाकली परिसर में हुई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संघरत्न गजभिये टेका नाका निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  आरोपी सेल्स टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर मुंबई के पालघर में कार्यरत है। 

पुलिस के अनुसार  32 वर्षीय महिला केंद्रीय आरक्षी पुलिस दल (सीआरपीएफ) में पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत है। वह मूलत: नागपुर की निवासी है। उसकी संघरत्न गजभिये से जान-पहचान हाे गई। गजभिये सेल्स टैक्स इंस्पेक्टर है और वर्तमान में मुंबई के पालघर परिसर में कार्यरत है। पीड़िता  का आरोप है कि आरोपी से पहचान होने के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। उस समय पीड़िता महिला पुलिस सिपाही के रूप में कार्यरत थी। एमपीएससी की एग्जाम देकर वह पुलिस उपनिरीक्षक बनी। इस दौरान संघरत्न और उसके बीच गहरी दोस्ती हो चुकी थी। दोनों के बीच प्रेम-संबंध जुड़ गए थे। पीड़िता का आरोप है कि संघरत्न उसे शादी के सपने दिखाने लगा।

पत्नी के रूप में रखा
पुलिस लाइन टाकली में क्वार्टर में कई बार आकर उसने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाया। इस दौरान संघरत्न का मुंबई तबादला हो गया। वह पीड़िता को अपने रूम पर बुलाया और पत्नी की तरह कई दिन तक रखा। इस दौरान उसने पीड़िता के साथ कई बार संबंध बनाया। दोनों छुट्टी मिलने पर एक साथ रहने लगे थे। पीड़िता यह बात अपने परिजनों को बता चुकी थी कि वह उससे शादी करने वाली है। उस समय संघरत्न ने भी कबूल किया था। जब पीड़िता ने संघरत्न से शादी की बात की, तो वह टालमटोल जवाब देने लगा। बाद में आरोपी द्वारा शादी करने से इनकार करने पर पीड़िता ने उसके खिलाफ गिट्टीखदान थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। 

कर ली दूसरी शादी
पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी के बीच वर्ष 2011 से अप्रैल 2019 के बीच जान-पहचान हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध जुड़ गया। पीड़िता ने उस पर शादी करने के लिए विश्वास कर अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। बाद में संघरत्न ने इनकार कर दूसरी युवती से शादी कर ली। संघरत्न ने उससे माफी मांगकर मामले का निपटारा करने की गुजारिश की थी, लेकिन पीड़िता ने उसे माफी देने के बजाय उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया।
 

Tags:    

Similar News