सीमा विवाद : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री पर राऊत का पलटवार, बोले -  हमें सूरज और चंद्रमा के ज्ञान की जरूरत नहीं

सीमा विवाद : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री पर राऊत का पलटवार, बोले -  हमें सूरज और चंद्रमा के ज्ञान की जरूरत नहीं

Tejinder Singh
Update: 2020-11-01 13:41 GMT
सीमा विवाद : कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री पर राऊत का पलटवार, बोले -  हमें सूरज और चंद्रमा के ज्ञान की जरूरत नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी के सूरज और चंद्रमा के रहने तक बेलगाम कर्नाटक का अविभाज्य बना रहेगा वाले बयान पर महाविकास आघाड़ी सरकार के मंत्रियों और नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रविवार को बेलगाम और कर्नाटक के सीमावर्ती इलाकों में मराठी भाषियों की ओर से बनाए गए काला दिवस का समर्थन में महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों ने काली पट्टी बांधकर किया। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री सावदी के बयान पर शिवसेना सांसद संजय राऊत ने पलटवार किया। राऊत ने कहा कि सूरज और चंद्रमा तो रहेगा इसलिए सूरज और चंद्रमा के बारे में हमें किसी से ज्ञान लेने की जरूरत नहीं है। कर्नाटक को अपनी ओर देखना चाहिए। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक सीमा विवाद की लड़ाई 60 सालों से शुरू है। कर्नाटक के बेलगाम सहित सीमावर्ती इलाकों के मराठी भाषी लोग यदि अपनी इच्छा से महाराष्ट्र में आना चाहते हैं, तो उनकी इच्छा का आदर होना चाहिए। राऊत ने कहा कि केरल और आंध्रप्रदेश में कन्नड भाषी लोग हैं अगर वे अपने राज्य कर्नाटक में वापस आना चाहते हैं तो उनकी इच्छा का भी सम्मान होना चाहिए। 

प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि सावदी का उपमुख्यमंत्री पद का कार्यकाल पूरा होने से पहले बेलगाम सहित सीमावर्ती इलाकों को महाराष्ट्र में शामिल कराकर रहेंगे। मुश्रीफ ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में सीमावर्ती इलाकों को महाराष्ट्र में शामिल किया जाएगा। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्य के जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील ने कहा कि सरकार सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए पूरी ताकत से खड़ी है।    

शिवसेना नेता तथा प्रदेश के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पिछले कई सालों से बेलगाम समेत कर्नाटक के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाली मराठी भाषिक लोग महाराष्ट्र में शामिल होने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन कर्नाटक सरकार दबाव डालकर मराठी स्कूल और मराठी फिल्म को बंद करने, मराठी भाषा का अपमान करने की कोशिश करती है। जबकि कर्नाटक के कई लोग महाराष्ट्र में निडर होकर अपना व्यवसाय करते हैं। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बेलगाम सहित सीमावर्ती इलाकों में काला दिवस मनाने वाले मराठी भाषियों पर कर्नाटक पुलिस कार्रवाई कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि बेलगाम समेत सीमावर्ती इलाकों के मराठी भाषिक गांवों को महाराष्ट्र को शामिल किया जाना चाहिए। सीमावर्ती इलाकों के मराठी भाषिकों के आंदोलन को पार्टी का समर्थन है। 
 

Tags:    

Similar News