गुजरात विधानसभा चुनाव पर लग रहा जमकर सट्टा, जानें किसको कितनी मिलेंगी सीटें…

गुजरात विधानसभा चुनाव पर लग रहा जमकर सट्टा, जानें किसको कितनी मिलेंगी सीटें…

Tejinder Singh
Update: 2017-11-30 14:27 GMT
गुजरात विधानसभा चुनाव पर लग रहा जमकर सट्टा, जानें किसको कितनी मिलेंगी सीटें…

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चुनावी पंडित भले ही गुजरात में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला बता रहे हैं। लेकिन सट्टेबाजों का गणित कुछ अलग ही लग रहा है। सट्टेबाजों का मानना है कि इस बार भी सरकार भाजपा की ही बनेगी। सट्टाबाजार का अनुमान है कि भाजपा को 100 से ज्यादा सीट मिलेगी। सट्टाबाजार का ये भी मानना है कि कांग्रेस की सीटें बढ़ेंगी, लेकिन वह सरकार बनाने की स्थिति में नहीं होगी।

शुरूआती अनुमान में सट्टाबाजार का गणित
सट्टेबाजी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक फिलहाल यह शुरूआती अनुमान है, चुनाव नजदीक आने और प्रचार जोर पकड़ने के बाद इसमें बदलाव भी आ सकता है। फिलहाल सट्टाबाजार में भाजपा की 107 से 110 सीटों के लिए 35 पैसे का भाव रखा गया है जबकि कांग्रेस की 68 से 72 सीटों के लिए 95 पैसे का भाव है। गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं पिछले चुनावों में भाजपा ने 115 सीट जबकि कांग्रेस ने 68 सीटों पर जीत हासिल की थी। फिलहाल सट्टेबाजी ने बहुत जोर नहीं पकड़ा है, क्योंकि सटोरिए चुनाव नजदीक आने का इंतजार कर रहे हैं। 

यूपी में हुए थे फेल 
उत्तर प्रदेश चुनावों में सट्टेबाजों का अनुमान बुरी तरह असफल रहा था जिसके चलते उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा था इसीलिए गुजरात चुनावों में आखिरी वक्त ही सट्टेबाजी जोर पकड़ेगी। शायद पहले चरण के मतदान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो कि जमीनी हकीकत क्या है और किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकतीं हैं। सटोरिए अब भी इस बात का पूरी तरह अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं कि कितने पाटीदार मतदाता भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का समर्थन करेंगे। इसके अलावा आखिरी वक्त में प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह धुआंधार रैलियां कर गुजराती अस्मिता का मुद्दा उठा रहे हैं अगर यह असरदार हुआ तो भाजपा का पलड़ा और भारी हो सकता है। वहीं अगर कांग्रेस अपने पुराने वोट बैंक के साथ नए जातीय समीकरणों को साधने में सफल रही तो मुकाबला और करीबी हो सकता है। 

Similar News