बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर स्पाईसजेट ने नागपुर में की इमरजेंसी लैंडिंग

बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर स्पाईसजेट ने नागपुर में की इमरजेंसी लैंडिंग

Anita Peddulwar
Update: 2018-12-13 07:38 GMT
बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर स्पाईसजेट ने नागपुर में की इमरजेंसी लैंडिंग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वृद्ध महिला को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण संतरानगरी के डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। 

वृद्धा को सांस लेने में हो रही थी परेशानी
जानकारी के अनुसार, स्पाइस जेट का विमान क्रमांक-463 हैदराबाद से गुवाहाटी जा रहा था। इसी बीच गुवाहाटी निवासी 75 वर्षीय देविका चक्रवर्ती नामक महिला को सांस लेने में परेशानी होने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उसने साथ में यात्रा कर रहे रिश्तेदार युवक को बताया। इसके बाद विमान के स्टॉफ को जानकारी दी गई। पायलट ने नागपुर रडार से संपर्क कर विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मदद मांगी। सुबह करीब 6.45 बजे विमान को नागपुर विमानतल पर उतारा गया। यहां से महिला को धंतोली स्थित केयर अस्पताल ले जाया गया। यहां मरीज को भर्ती कराया गया। शाम में अस्पताल से छुट्टी कर दी। इधर, सभी तकनीकी जांच के बाद विमान ने सुबह 9.15 बजे गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी।  

बंगलुरु का विमान रद्द, मुंबई का देरी से आया
बंगलुरु से उड़ानभर कर रात 9.20 बजे नागपुर आने वाला विमान बुधवार को भी रद्द रहा। बताया जा रहा है इंडिगो के पास विमान और स्टॉफ की कमी के कारण उसे अपनी उड़ानों को रद्द करना पड़ रहा है। इंडिगो के अधिकारियों को संपर्क करने पर उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया। वहीं मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 629 बुधवार को एक घंटे देरी से पहुंचा। 

कुछ हवाई सेवा रद्द
तकनीकी खामियों के चलते बंगलुरु का विमान 19 दिसंबर और इंदौर का विमान फरवरी तक रद्द बताया जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि विमान कंपनी को इस मौसम में यात्री नहीं मिलते होंगे या फिर विमान की कमी के कारण इसे रद्द कर दिया गया होगा। बंगलुरु का विमान पहले भी तकनीकी कारण बताकर रद्द किया जा चुका है।  विमानों के लेट पहुंचने का सिलसिला पिछले कुछ दिनों से चल रहा है। सोमवार को मुंबई का एयर इंडिया का विमान क्रमांक 629 अपने तय समय से 1 घंटा, जेट एयरवेज का विमान क्रमांक 865 अपने तय समय से 1 घंटा और इंडिगो का विमान क्रमांक 403 अपने तय समय से डेढ़ घंटा देरी से नागपुर पहुंचा।

Similar News