एमएलए की भतीजी का फेसबुक हैक करने वाला गिरफ्तार

एमएलए की भतीजी का फेसबुक हैक करने वाला गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2018-04-18 07:12 GMT
एमएलए की भतीजी का फेसबुक हैक करने वाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस की नाक के नीचे एक आरोपी साइबर क्राइम करता रहा उसका भंडाफोड़ हुआ तो पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी पुलिस के लिए साइबर व अन्य आपराधिक मामलों में मदद करता था। धंतोली थानांतर्गत एक युवती के फेसबुक अकाउंट को हैक कर आरोपी युवक पीड़िता की तस्वीरों के साथ गंदे मैसेज डालकर उसे परेशान कर  रहा था।  धंतोली थाने के द्वितीय निरीक्षक दिनेश शेंडे ने साइबर सेल की मदद से आरोपी अर्जुन संजय वानखेडे (21) को धर-दबोचा।

अर्जुन पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर चुका है। पता चला है कि वह धंतोली पुलिस के लिए साइबर व अन्य आपराधिक प्रकरणों में तकनीकी रूप से पुलिस की मदद करने का काम करता था। आरोपी ने जिस युवती का फेसबुक हैक किया है। वह एक विधायक की भतीजी है। फेसबुक का अकाउंट हैक करने के बाद वह उसकी तस्वीरों के साथ गंदे मैसेज डालने लगा।  उसकी हरकतों से परेशान युवती को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। जांच के दौरान उसने खुद सचाई उगली। 

पूछताछ के लिए साइबर सेल कक्ष में बुलाया
पुलिस को यह बात पता चल चुकी थी कि विधायक की भतीजी के फेेसबुक का हैकर साइबर का विशेषज्ञ है। इसलिए पुलिस ने उसे साइबर सेल विभाग में एक मामले के सिलसिले की छानबीन के बहाने बुलाया। अर्जुन के साइबर सेल कक्ष में आने के पहले ही पुलिस ने विधायक की भतीजी के फेसबुक अकाउंट काे बंद करवा दिया था। साइबर सेल में जब अर्जुन से युवती के फेसबुक हैक के बारे में पूछताछ शुरू की तो सारा सच सामने आ गया।

आरोपी ने गंदे मैसेज भेजने की बात स्वीकार कर ली। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त  श्वेता खेडकर, सहायक पुलिस आयुक्त डाॅ अश्विनी पाटील व पुलिस निरीक्षक पिदूरकर के मार्गदर्शन में साइबर शिकायत निवारण सेल के उपनिरीक्षक डोर्लीकर व सिपाही अमित ने कार्रवाई में सहयोग किया। 

Similar News