Bhaskar Hindi
Update: 2017-05-24 08:20 GMT
टीम  डिजिटल.   पाकिस्तान में बंदूक की नोक पर शादी का शिकार हुई भारतीय महिला उज्मा को बड़ी राहत मिली है। पाकिस्तानी मीडिया की खबरों के मुताबिक इस्लामाबाद कोर्ट ने उसे भारत जाने की इजाजत दे दी है। इससे पहले उज्मा ने कोर्ट में भारत लौटने की गुहार लगाई थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।

 

साथ ही कोर्ट ने उसे सुरक्षा देने के लिए पुलिस को आदेश दिए हैं। इससे पहले महिला ने भारतीय उच्चायोग से उसे वापस उसके देश लौटाने की भी अपील की।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने बताया कि भारतीय महिला का नाम उज्मा है जो पिछले हफ्ते इस्लामाबाद के भारतीय उच्चायोग से गायब हो गई। नई दिल्ली के सरकारी सूत्रों ने बताया कि महिला ने भारतीय उच्चायोग से 5 मई को मदद मांगी थी।

 

उच्चायोग उसे दूतावास संबंधी जरूरी सहायता मुहैया करा रहा है और इस मामले को लेकर वह पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय तथा महिला के भारत स्थित परिजनों से संपर्क में हैं। दिल्ली की उज्मा और पाकिस्तानी ताहिर की मुलाकात मलेशिया में हुई थी। वहीं दोनों का प्यार परवान चढ़ा और वे वाघा बॉर्डर के रास्ते 1 मई को पाकिस्तान पहुंचे तथा 3 मई को उनका निकाह हुआ।

 

बता दें कि इससे पहले एक पाकिस्तानी नागरिक ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग पर उसकी नवविवाहित भारतीय पत्नी को अगवा करने का आरोप लगाया था। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, ताहिर ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी का अपहरण तब किया गया जब वो भारतीय उच्चायोग में पत्नी के साथ अपने वीजा के लिए आवेदन करने पहुंचा था। भारत ने पाक के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उस भारतीय महिला ने उच्चायोग से मदद मांगी थी।

 

]]>

Similar News