खराब मौसम से डायवर्ट हुई 3 उड़ानें, लेट-लतीफी से यात्री हो रहे परेशान

खराब मौसम से डायवर्ट हुई 3 उड़ानें, लेट-लतीफी से यात्री हो रहे परेशान

Anita Peddulwar
Update: 2019-09-09 08:41 GMT
खराब मौसम से डायवर्ट हुई 3 उड़ानें, लेट-लतीफी से यात्री हो रहे परेशान

डिजिटल डेस्क,नागपुर। मौसम का असर विमानों पर लगातार जारी है। रविवार को एयर इंडिया की दिल्ली से जबलपुर जाने वाली फ्लाइट जबलपुर में मौसम खराब होने के कारण नागपुर डायवर्ट कर दी गई। एयर इंडिया का यह विमान रात 8:00 बजे नागपुर पहुंचा। इसी तरह हैदराबाद से जबलपुर जाने वाला इंडिगो का विमान डायवर्ट होकर रात 9:00 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इंडिगो का कोलकाता से जबलपुर जाने वाला विमान भी नागपुर डायवर्ट किया गया। यह रात 9:20 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर उतरा। जबलपुर व उसके आस-पास जारी भारी बारिश व विजिबिलिटी कम होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमानों को जबलपुर एयरपोर्ट पर उतारने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद नागपुर एयरपोर्ट प्रशासन से बात हुई और तीनों विमानों को नागपुर डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया प्रशासन ने रात में अपने सभी  58 यात्रियों को भोजन कराया। उन्हें सड़क मार्ग से जबलपुर ले जाने की तैयारी चल रही थी। इंडिगो में सवार यात्रियों की इंडिगो प्रशासन ने नागपुर में ही होटल में ठहराने की व्यवस्था की। इन यात्रियों को सोमवार सुबह  इंडिगो विमान से जबलपुर भेजा जाएगा। 

यह विमान देर से पहुंचे  

मुंबई के दो फ्लाइट यहां देरी से लैंड हुए। इंडिगो का मुंबई से दोपहर 1 बजे आनेवाला विमान 51 मिनट देरी से नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। एयर इंडिया का मुंबई से रात 8.35 बजे आनेवाला विमान 1 घंटा 35 मिनट देरी से पहुंचा। दिल्ली से सुबह 11.25 बजे आनेवाला इंडिगो विमान 1 घंटा 16 मिनट देरी से लैंड हुआ। गो एयर का अहमदाबाद से रात 8.15 बजे आनेवाला विमान 24 मिनट देरी से लैंड हुआ। 

फिर मौसम विभाग का अनुमान गलत

मौसम विभाग की तरफ से 7 व 8 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी का शहर में कोई असर दिखाई नहीं दिया। लगातार 2 दिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही नहीं हुई। रविवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 27.1 व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज हुआ। उड़ीसा व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र तैयार होने से 6, 7 व 8 सितंबर को नागपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई थी। 6 सितंबर को नागपुर में जबर्दस्त बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार 7 सितंबर को रेड अलर्ट की चेतावनी दी। स्कूलों में छुट्टी दे दी गई। प्रधानमंत्री का दौरा रद्द करना पड़ा, मगर छिटपुट ही बारिश हुई। रविवार 8 सितंबर को भी भारी बारिश की चेतावनी दी, लेकिन भविष्यवाणी हवा में उड़ गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बादल छाए रहेंगे। छिटपुट बारिश हो सकती है। भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। सोमवार को तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की वृद्धि हो सकती है। 
 

Tags:    

Similar News