लू और भारी उमस ने घेरा, विदर्भ में अभी मानसून आने के आसार नहीं

लू और भारी उमस ने घेरा, विदर्भ में अभी मानसून आने के आसार नहीं

Anita Peddulwar
Update: 2019-06-15 08:50 GMT
लू और भारी उमस ने घेरा, विदर्भ में अभी मानसून आने के आसार नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  लू और उमस से परेशान नागपुरवासियों को फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं। विदर्भ में मानसून के आने की संभावना क्षीण  होने से शहर तीखी धूप में झुलस रहा है और मेघ हैं कि कहीं छुपे बैठे हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले एक-दो दिन और विदर्भ को लू से छुटकारा मिलने के आसार नहीं हैं।

मानसून पूर्व की हलचलें भी शांत

आमतौर पर नौतपा के दौरान आंधी-तूफान और कई बार बौछारें होती है लेकिन इस बार पूरी नौतपा झुलसता रहा।  विदर्भ में मानूसन पूर्व की हलचलें भी शांत हैं। ऐसे में गर्मी से फिलहाल निजात मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि मानसून ने शुक्रवार को कुछ बढ़त बनाई है, लेकिन चाल इतनी सुस्त है कि मानसून के विदर्भ में पहुंचने के आसार ही नजर नहीं आ रहे हैं। 8 जून को केरल पहुंचा मानसून शुक्रवार को पूरा केरल घेर पाया है और कर्नाटक के सीमांत क्षेत्रों में प्रवेश किया है। मौसम जानकारों के अनुसार फिलहाल मानसून को कोई बैकअप नहीं मिल रहा है। इससे चाल सुस्त बनी हुई है। अरब सागर की नमी को चक्रवात वायु अपने आगोश में समेटकर निकल गया है। इससे भी मानसून के आगे बढ़ने का सिलसिला धीमा हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अगले सप्ताह तक ही उसके दस्तक देने का अनुमान है।

उमस और पसीने ने परेशान किया

शुक्रवार को सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने शहर को गर्मी और पसीने से परेशान रखा। दोपहर में गर्मी अपने पूरे जोर पर नजर आई। गर्म हवाएं हलाकान करती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री ऊपर 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 51 तथा न्यूनतम 39 प्रतिशत रही। 
 

Tags:    

Similar News