जन्मदिन मनाने गए दो भाइयों की डूबने से मौत

जन्मदिन मनाने गए दो भाइयों की डूबने से मौत

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-07 08:38 GMT
जन्मदिन मनाने गए दो भाइयों की डूबने से मौत

डिजिटल डेस्क, अहेरी/गड़चिरोली। अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ बर्थ डे मनाने गए दो भाइयों की डूबने से मौत हो गई। टिकेपल्ली नदी में नाव पलटने से एक ही परिवार के 2 चिराग बुझ गए। मृतकों में आलापल्ली निवासी चेतन संतोष केलझरकर (25) और सूरज संतोष केलझरकर (17) शामिल हैं।

नकारी के अनुसार, मंगलवार को चेतन का जन्मदिन था। जन्मदिन पर पार्टी मनाने के लिए वह छोटे भाई सूरज और अन्य मित्रों के साथ समीपस्थ टिकेपल्ली नदी घाट पर गया था। नदी घाट पर भोजन करने के बाद दोनों भाई शाम 5 बजे के दौरान एक नाव में सैर करने निकल पड़े।

नदी के बीच जाकर पलटी नाव
नाव नदी के बीचोंबीच आते ही अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे चेतन और सूरज नदी में गिर गए। नदी पात्र काफी गहरा होने और दोनों भाइयों को तैरना नहीं आने के कारण वे डूब गए। उनके साथी मित्रों ने आलापल्ली पहुंचकर घटना की जानकारी केलझरकर परिवार को दी।

जानकारी मिलते ही बच्चों के पिता संतोष ने अहेरी पुलिस को घटना के बारे में बताया। इसके लिए पुलिस ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर जाकर दोनों को खोजने की मुहिम शुरू कर दी, लेकिन रात हो जाने की वजह से वे शवों की तलाश करने में विफल हो गए। सुबह फिर से राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों ने तलाशी कार्य आरंभ किया। सुबह 9 बजे के दौरान दोनों भाइयों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पोस्टमार्टम के लिए दोनों शवों को उपजिला अस्पताल भेज दिया गया। अहेरी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दाखिल कर जांच शुरू कर दी है।

 घाट पर बैठे रहे परिजन 
शाम तक दोनों बेटों के शव नदी से बाहर निकाले नहीं गए थे। इसलिए उनके पिता संतोष व माता रातभर नदी घाट पर बैठे रहे। दोनों बेटों के लौटने की आस बुधवार सुबह निराशा में बदल गई। एक साथ दोनों बेटों की मृत्यु होने से केलझरकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

Similar News