कुत्तों के जरिए कर रहे हिरण का शिकार, मांस सहित दो आरोपी गिफ्तार

कुत्तों के जरिए कर रहे हिरण का शिकार, मांस सहित दो आरोपी गिफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-27 11:21 GMT
कुत्तों के जरिए कर रहे हिरण का शिकार, मांस सहित दो आरोपी गिफ्तार

डिजिटल डेस्क सतना। वन्य जीवों का शिकार करने वाले दो शिकारियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। शिकारी पालतू कुत्तों के जरिए हिरण व वन्य जीवों का शिकार करते थे। वन विभाग के अमले ने पकड़े गए दोनों शिकारियों के पास से हिरण का ताजा चमड़ा, मांस के साथ शिकार में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व डंडा जब्त किया गया है। दोनों शिकारी अनिल वल्द मुन्ना कोल तथा रामकुशल तनय मलिकवा कोल निवासी करहिया के विरुद्ध वन्यप्राणी अधिनियम 1972 की धारा 2,9,39,44,48 एवं 49,50 के तहत प्रकरण कायम कर चालान किया गया। अदालत द्वारा दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

ऐसे कर रहे शिकारी शिकार
शिकारियों द्वारा हिरण के शिकार के लिए नया तरीका इस्तेमाल किया गया। वन संरक्षक राजीव मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकारी कुछ पालतू कुत्तों को जंगल में छोड़ देते हैं। यह प्रशिक्षित कुत्ते शाकाहारी वन्यजीवों को देखते ही दौड़ा देते हैं। उसके दूसरे छोर पर शिकारी घात लगाकर बैठते हैं, जैसे ही वन्यजीव कुत्तों के डर से भागते हुए निकलते हैं तो पत्थर, डंडा या कुल्हाड़ी का वार कर उन्हें गिरा देते हैं। अभी तक जो भी मामले प्रकाश में आए थे उनमें बंदूक, जहर या करंट अथवा फंदे का प्रयोग किया जाता था। विभाग की टीम शिकारियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही कर रही है, ताकि वन्य जीवों का शिकार होने से रोका जा सके।

वन संरक्षक राजीव मिश्र ने कहा कि दोनों शिकारियों को जेल भेज दिया गया है। ठंड शुरू होने के पहले ही वन अपराधों पर नकेल कसने की योजना बनाई गई है। उसी का नतीजा है कि आरोपी बच नहीं पाते।

Similar News