नागपुर जा रहीं दो ओवरलोड बसें पकड़ाईं - एआरटीओ की टीम ने बायपास पर बसों को किया जब्त 

 नागपुर जा रहीं दो ओवरलोड बसें पकड़ाईं - एआरटीओ की टीम ने बायपास पर बसों को किया जब्त 

Bhaskar Hindi
Update: 2021-04-03 12:00 GMT
 नागपुर जा रहीं दो ओवरलोड बसें पकड़ाईं - एआरटीओ की टीम ने बायपास पर बसों को किया जब्त 

डिजिटल डेस्क सिवनी । प्रदेश से महाराष्ट्र आने-जाने में बसों पर लगाई गई पाबंदी के बावजूद चोरी-छिपे बसों का संचालन हो रहा है। शुक्रवार को एआरटीओ की टीम ने नागपुर जा रहीं दो ओवरलोड बसों को जब्त कर लिया। दोनों बसों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी थीं। सिवनी बायपास पर पकड़ी गईं दोनों बसें इलाहाबाद से चली थीं और रीवा, कटनी, जबलपुर से सवारियां भरते हुए नागपुर जा रही थीं। 
बायपास पर हुई कार्रवाई 
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह 8 बजे एआरटीओ देवेश बाथम फोरलेन बायपास पर चैकिंग पर पहुंचे। इस दौरान जबलपुर की ओर से आ रहीं दो बसों को रूकवाया गया। यात्रियों व बस में मौजूद चालक-परिचालक से पूछताछ में सामने आया कि प्रतिबंध के बावजूद दोनों बसें अवैध तरीके से नागपुर जा रही थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए एआरटीओ बाथम ने बस क्रमांक यूपी 70 जीटी 0211 व एमपी 17 पी 1070 को जब्त कर लिया। दोनों बसों में क्षमता से अधिक 70-70 सवारियां भरी हुई थीं। जब्त बसों को एआरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है। 
दूसरे रास्तों से आवाजाही 
मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र के बीच बसों का संचालन 15 अप्रैल तक प्रतिबंधित किया गया है। खवासा बॉर्डर पर जिला प्रशासन द्वारा चेकपोस्ट स्थापित कर चार पहिया एवं दोपहिया वाहनों के यात्रियों की चेकपोस्ट में स्क्रीनिंग तथा जानकारी संधारित की जा रही है। बस परिवहन सेवा पर प्रतिबंध के बावजूद चोरी छिपे बसों का संचालन किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। बस संचालकों द्वारा हाईवे की जगह दूसरे रास्तों से बसें संचालित किए जाने की सूचनाएं भी मिल रही थीं। ऐसी बसों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। 
इनका कहना है- 
बसों का संचालन प्रतिबंधित होने के बावजूद चोरी-छिपे बसें चलने की जानकारी मिल रही थी। बायपास पर इलाहाबाद से नागपुर जा रहीं दो ओवरलोड बसों को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। 
- देवेश बाथम, एआरटीओ, सिवनी
 

Tags:    

Similar News